चेताया कि बढ़िया वेज नहीं हुआ तो कर्मचारी कतई माफ नहीं करेंगे
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
टाटा वर्कर्स यूनियन की कमेटी मीटिंग में पुराने मजदूर नेता आरसी झा बोले कि यूनियन के पिछले दो चुनाव में वेज रिवीजन ही सबसे बड़ा मुद्दा रहा है। बेहतर वेज समझौता की आस में ही कर्मचारियों ने यूनियन नेतृत्व को चुना है। वेज रिवीजन का समझौता कर्मचारियों के भविष्य के लिहाज से कुछ वैसा ही है, जैसा किसी भवन की नींव। यदि वेज रिवीजन बढ़िया नहीं हुआ तो कर्मचारी माफ नहीं करेंगे।
हाउस में आरसी झा ने कहा कि बोनस और अन्य सुविधाओं का असर सीमित समय तक रहता है। वेज रिवीजन लंबे समय तक कर्मचारियों के जीवन और भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि 1997 से इस संगठन से जुड़े हुए हैं। कई वेज रिवीजन देख चुके है। आरसी झा का कहना था कि युवा कर्मचारियों के भविष्य से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उनका पूरा करियर अभी बाकी है। इसीलिए वर्तमान में प्राप्त सभी सुविधाओं को सुरक्षित रखते हुए और नई सुविधाएं जोड़ने का प्रयास होना चाहिए।
हाउस में आरसी झा ने एनएस और स्टील ग्रेड कर्मचारियों के वेतनमान में भारी अंतर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले समझौतों में ओएस और एनएस ग्रेड के भत्तों को बराबर कर इस अंतर को कम करने का प्रयास किया गया है। लेकिन अभी और सुधार की आवश्यकता है। एनएस का भी इन्क्रीमेंट तीन प्रतिशत की दर से कराया जाना चाहिए। स्टील ग्रेड कर्मचारियों को डीए प्रतिशत में मिलता है। एनएस को भी परसेंटेज में डीए मिलना चाहिए। ओएस को 20 प्रतिशत एवं एनएस ग्रेड के कर्मचारियों को 50 प्रतिशत एमजीबी देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कॉमन वेज स्ट्रक्चर लागू होने के बाद कर्मचारियों के प्रमोशन और ग्रोथ के अवसर कम हो गए हैं। कंपनी के अधिकारी वर्ग में आज भी कई स्तर हैं और प्रमोशनल अवसर मौजूद हैं, जबकि कर्मचारियों के लिए अवसर सीमित हो गए हैं। पहले कर्मचारियों और सुपरवाइजर्स के कई ग्रेड हुआ करते थे। अब वह काफी कम हो गए हैं। अधिकारी वर्ग में आज भी छह इंपैक्ट लेवल हैं।कर्मचारियों के पास सिर्फ चार ब्लॉक हैं।
कर्मचारियों के 12 ग्रेड बचे हैं। कंपनी अधिकारियों की बात करे तो सब मिलाकर इससे कहीं ज्यादा हैं । कड़वी हकीकत यह भी है कॉमन वेज स्ट्रक्चर के बाद कर्मचारियों की संख्या काफी कम हो गई है। उन्होंने सुझाव दिया कि कर्मचारियों के लिए ब्लॉक और ग्रेड की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। चार की जगह पांच ब्लॉक किया जाने चाहिए। स्पैन की संख्या 20 से अधिक होनी चाहिए।

