फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में बागबेड़ा कॉलोनी के कुंवर सिंह मैदान स्थित रोड नंबर-3 में पाइपलाइन लीकेज, क्षतिग्रस्त स्लैब और अधूरे पक्कीकरण की समस्या पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता की पहल रंग लाई। उनके हस्तक्षेप के बाद 24 घंटे के भीतर पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत, टूटे स्लैब की मरम्मत और सड़क के पक्कीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया।
सुनील गुप्ता ने इस संबंध में पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार को मांग पत्र सौंपकर बताया था कि इंटर कनेक्शन के बाद करीब 50 घरों में जलापूर्ति तो शुरू हो गई है, लेकिन पाइपलाइन से लगातार हो रहे रिसाव के कारण सड़क पर जलभराव हो रहा है। वहीं, क्षतिग्रस्त स्लैब और अधूरे पक्कीकरण की वजह से स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने समय पर कार्य नहीं होने की स्थिति में संबंधित संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने की भी मांग की थी।
मांग पत्र पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कार्यपालक अभियंता ने कनीय अभियंता आशुतोष को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद संवेदक ने तत्काल मजदूर लगाकर पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत, क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत और सड़क के पक्कीकरण का कार्य प्रारंभ करा दिया।
क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताते हुए पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर सुनील गुप्ता ने कहा कि वे “वादों की नहीं, काम की राजनीति में विश्वास रखते हैं। क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान के लिए आगे भी लगातार प्रयास करते रहेंगे।” उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए पीएचईडी अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों का भी आभार व्यक्त किया।










