फतेह, लाइव, रेपोर्टर।
एमजीएम थाना पुलिस ने 74 लाख रुपये की ठगी के मामले में आरोपी दीपांकर सिंह को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपी डिमना रोड स्थित शिरोमण नगर के भागीरथी ब्लॉक, फ्लैट नंबर के-3/34 का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, दीपांकर सिंह खुद को सॉफ्टवेयर डेवलपर बताता था। इसी दौरान उसने कारोबारी मनीष कुमार अग्रवाल से 74 लाख रुपये लिए थे। रकम लेने के बाद उसने मनीष कुमार अग्रवाल को भुगतान के लिए चेक दिया, लेकिन बैंक में जमा करने पर चेक बाउंस हो गया।
इसके बाद कारोबारी मनीष कुमार अग्रवाल ने एमजीएम थाना में दीपांकर सिंह और उसकी पत्नी कोमल दूबे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए दीपांकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले में आरोपी की पत्नी की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।









































