फतेह लाइव, रिपोर्टर.
सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना अंतर्गत गम्हरिया चित्रगुप्त नगर से एक दिल दहला देने वाला मामला प्रकाश में आया है. जहां टाटा स्टील कर्मी कैंसर पीड़ित कृष्ण कुमार ने अपनी पत्नी व दो बेटियों सहित फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और चारों के शव को कब्जे में लेकर मामले की तफिश में जुट गई है.
यह भी पढ़े : Aaj Ka Rashifal : 24 मई 2025 का राशिफल | जाने कैसा होगा आपका आज का दिन
घटना की जानकारी देते हुए मृतक के पिता ने बताया कि उनके पुत्र कृष्ण कुमार टाटा स्टील गम्हरिया प्लांट में सीनियर मैनेजर हैं. उन्हें कैंसर की बीमारी थी. पुत्रवधू डोली देवी के कहने पर अपने पुत्र को फ्लाइट से मुंबई कैंसर का इलाज कराने लेकर गए थे. वहां चिकित्सकों ने बताया कि कीमो थेरेपी करानी होगी. यह सुविधा जमशेदपुर में भी उपलब्ध है. उसके बाद फ्लाइट से ही अपने पुत्र को लेकर जमशेदपुर पहुंचे. यहां उन्हें कीमो लेने के लिए एडमिट होना पड़ता. इसके लिए उन्होंने कंपनी में आवेदन भी दिया था. इसी बीच कल रात से ही बेटे का पूरा परिवार घर से बाहर नहीं निकला. इसकी जानकारी पुलिस को दी.
शुक्रवार की देर रात जब पुलिस पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो उनके उनके पुत्र कृष्ण कुमार (40 वर्ष) पुत्रवधू डोली देवी (35 वर्ष) पौत्री पूजा कुमारी उर्फ मैया और 6 वर्षीय पौत्री फंदे से झूलती नजर आई. इस घटना के बाद पूरे कॉलोनी में सनसनी फैल गई है, फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.




































