सीआईएससीई जोनल चैंपियनशिप
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के मानगो स्थित विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित दो दिवसीय सीआईएससीई जोनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप का समापन हो गया. प्रतियोगिता में जमशेदपुर जोन के 26 सीआईएससीई संबद्ध विद्यालयों के 250 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया. समापन समारोह का उद्घाटन विद्यालय की प्राचार्या डॉ. निधि श्रीवास्तव के स्वागत संबोधन से हुआ. मेजबान विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 स्वर्ण, 16 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 34 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. लिटिल फ्लावर स्कूल, टेल्को 14 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य (कुल 22 पदक) के साथ प्रथम उपविजेता तथा केरल पब्लिक स्कूल, कदमा 4 स्वर्ण, 6 रजत और 7 कांस्य (कुल 17 पदक) के साथ द्वितीय उपविजेता रहा.
समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए. प्रतियोगिता का आयोजन प्राचार्या डॉ. निधि श्रीवास्तव के नेतृत्व एवं प्रशासक सौम्यदीप के मार्गदर्शन में हुआ. आयोजन के संचालन में हेड ऑफ स्पोर्ट्स रोहित कुमार सिंह, कृति नाथ और प्रियंशु कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों, रेफरी एवं अधिकारियों के सहयोग से प्रतियोगिता का सफल आयोजन संपन्न हुआ.










