परविंदर सिंह बोले—संविधान सर्वोपरि, नफरत और भेदभाव की राजनीति नहीं
फ़तेह लाइव, रिपोर्टर।
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को हल्द्वानी में कांग्रेस कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण की घटना के विरोध में सद्भावना मार्च सह सत्याग्रह का आयोजन किया गया। मार्च साकची स्थित जुबली पार्क गेट से शुरू होकर पुराना कोर्ट स्थित भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पहुंचा।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की कथित विभाजनकारी एवं भेदभावपूर्ण राजनीति का विरोध करते हुए लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय और सद्भावना के पक्ष में आवाज बुलंद की।
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में आयोजित कांग्रेस रैली के स्थल को कथित रूप से भाजपा मानसिकता वाले हिंदू राइट विंग से जुड़े संगठनों द्वारा गंगाजल छिड़ककर शुद्ध करने और हवन करने की खबर गंभीर एवं चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक कार्यक्रम के कारण किसी स्थान को अपवित्र मानकर उसका कथित शुद्धिकरण किया जाना केवल कांग्रेस का अपमान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों के प्रति भी चिंता पैदा करता है।
परविंदर सिंह ने कहा कि संविधान किसी व्यक्ति की जाति, धर्म, विचारधारा अथवा राजनीतिक पसंद के आधार पर उसके सम्मान और गरिमा में भेदभाव की अनुमति नहीं देता। भारत का संविधान समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय की भावना पर आधारित है। राजनीतिक दलों के बीच वैचारिक मतभेद लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन राजनीतिक असहमति को सामाजिक या धार्मिक भेदभाव का रूप देना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि देश संविधान के आधार पर चलता है। भारत किसी एक व्यक्ति, दल या विचारधारा का नहीं है। देश के निर्माण में महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर, पंडित जवाहरलाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आजाद सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान रहा है, जिन्होंने समानता, भाईचारे और लोकतांत्रिक भारत का सपना देखा था।
जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान प्रदान किया। ऐसे में किसी व्यक्ति या राजनीतिक कार्यक्रम के स्थल को धर्म अथवा राजनीतिक पहचान के आधार पर अपवित्र बताना संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि ऐसी मानसिकता समाज में विभाजन और वैमनस्य को बढ़ावा दे सकती है।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सद्भाव, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी कथित विभाजनकारी गतिविधियों के खिलाफ कांग्रेस लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि सद्भावना मार्च और सत्याग्रह केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान और सामाजिक एकता की रक्षा का संकल्प है। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर भाईचारे, समानता और लोकतंत्र को मजबूत करने का संदेश देंगे।
परविंदर सिंह ने कहा कि देश में संविधान सर्वोपरि है, न कि नफरत और भेदभाव की राजनीति। कांग्रेस सामाजिक सद्भाव और प्रत्येक नागरिक की मानवीय गरिमा की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष (संगठन) संजय सिंह आजाद ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता रामाश्रय प्रसाद, ब्रजेन्द्र तिवारी, अमरजीत नाथ मिश्रा, डॉ. परितोष सिंह, राजकिशोर यादव, प्रताप यादव, शैलेश पाण्डेय, रामलाल प्रसाद पासवान, गुरदीप सिंह, अमित श्रीवास्तव, अंसार खान, आशुतोष सिंह, मकसूद आलम, ज्योति मिश्र, राजेश चौधरी, अतुल गुप्ता, राजा सिंह राजपूत, नलिनी सिन्हा, नवनीत मिश्रा, जसवंत सिंह जस्सी, राकेश साहू, फिरोज खान, रविन्द्र मौर्या, राजकुमार वर्मा, आशीष मुखी, संजय यादव, अरुण सिंह, कौशल प्रधान, गुरदीप सिंह सोहल, सुल्तान अहमद, ईशान पात्रा, देबाशीष घोष, सुब्रतो दास, देवाशीष डे, रंजन सिंह, मुन्ना मिश्र, विनोद यादव, हरिराम टुडू, सुशील तिवारी, पंकज कुमार, सकील अनवर, देवेन्द्र कुमार, रंजीत सिंह, राजकिशोर प्रसाद, सचिन सिंह, शिल्पी चक्रवर्ती, राजेन्द्र सिंह नेताजी, संतोष सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।









































