टाटा मोटर्स के वीपी ने क्रेटोस गाड़ियों के महत्व पर दिया जोर, कंपनी और समाज के हित में कर्मचारियों की सहभागिता बढ़ाने की अपील
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर टाटा मोटर्स के वीपी (कमर्शियल व्हीकल ऑपरेशंस) विशाल बादशाह ने कहा कि कंपनी के उत्पादन में वृद्धि हुई है। अब कर्मचारियों को सुरक्षा (सेफ्टी) और गुणवत्ता (क्वालिटी) पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने क्रेटोस गाड़ियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कंपनी के इकोसिस्टम को और अधिक मजबूत एवं बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही कंपनी और समाज के हित में होने वाली विभिन्न गतिविधियों में सभी की सहभागिता बढ़ाने की अपील की।
वे टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर वीपी विशाल बादशाह एवं प्लांट हेड अनुराग छारिया का यूनियन पदाधिकारियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर किया सम्मानित
समारोह में एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय, यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आर.के. सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। यूनियन अध्यक्ष एवं महामंत्री ने अतिथियों को अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
स्वागत भाषण में महामंत्री आर.के. सिंह ने कहा कि वीपी विशाल बादशाह का यूनियन कार्यालय में आगमन सभी के लिए सुखद एवं यादगार क्षण है। उन्होंने पूरी यूनियन की ओर से उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनके सुझावों और मार्गदर्शन पर अमल करने के लिए यूनियन सदैव तत्पर रहेगी।
प्लांट हेड ने दी पर्व-त्योहारों की शुभकामनाएं
प्लांट हेड अनुराग छारिया ने उपस्थित सभी लोगों को दीपावली सहित आने वाले पर्व-त्योहारों की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम का संचालन अशोक उपाध्याय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने किया।
जेएन टाटा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
स्वागत समारोह से पूर्व वीपी विशाल बादशाह एवं प्लांट हेड अनुराग छारिया ने यूनियन परिसर में स्थापित जेएन टाटा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।


































