साकची के नेताजी सुभाष मैदान से सुबह 11 बजे होगी सभा, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रघुवर दास, अर्जुन मुंडा और मधु कोड़ा समेत कई दिग्गज नेता होंगे शामिल
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में गुरुवार, 5 नवंबर को आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान) से निकलने वाली इस पदयात्रा में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू और धनबाद के विधायक राज सिन्हा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

पदयात्रा को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए भाजपा महानगर से लेकर मंडल स्तर तक कार्यकर्ता सक्रिय हैं। पार्टी ने जमशेदपुर महानगर की चारों विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले सभी 28 मंडलों से हजारों कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की है।
युवा मोर्चा ने बनाई रणनीति, युवाओं से अधिकाधिक भागीदारी की अपील
पदयात्रा की तैयारियों को लेकर बुधवार को साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में भारतीय जनता युवा मोर्चा जमशेदपुर महानगर की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजयुमो महानगर अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री अभिमन्यु सिंह चौहान ने किया।
बैठक में धनबाद विधायक राज सिन्हा, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मनोज महतो, जिला प्रभारी बबन गुप्ता, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, जिला महामंत्री राजीव सिंह और युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल समेत कई पदाधिकारी एवं सैकड़ों युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि लोकतंत्र को बचाना और अराजकता को समाप्त करना युवा मोर्चा का सबसे बड़ा संकल्प है। झारखंड का युवा भ्रष्टाचार और अराजकता के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि गुरुवार का कार्यक्रम महज विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए युवाओं की हुंकार बनेगा। उन्होंने युवाओं से अधिकाधिक संख्या में पदयात्रा में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
मंच और सभा स्थल की व्यवस्था अंतिम चरण में
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान) का निरीक्षण किया। मंच, सभा स्थल और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पदयात्रा को व्यापक जनभागीदारी, अनुशासन और शांतिपूर्ण तरीके से सफल बनाया जाएगा। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जुटे हुए हैं।
सुबह 11 बजे सभा, बंगाल क्लब होते हुए निकलेगी पदयात्रा
गुरुवार को सुबह 11 बजे साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान) में सभा प्रारंभ होगी। सभा के उपरांत यहीं से पदयात्रा निकाली जाएगी।
पदयात्रा का निर्धारित मार्ग:
– नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान), साकची
– बंगाल क्लब
– साकची बड़ा गोलचक्कर
– आई हॉस्पिटल के सामने से
– जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय के समीप समापन
विपक्ष के राजनीतिक एजेंडे को जनता के बीच उजागर करने का दावा
भाजपा इस पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के कथित झूठे राजनीतिक एजेंडे, दोहरे मापदंड और लोकतंत्र विरोधी रवैये को जनता के बीच उजागर करने का दावा कर रही है।
पार्टी नेताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ शहर के प्रबुद्ध नागरिकों से भी पदयात्रा में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प को मजबूती प्रदान करने की अपील की है।
पदयात्रा को लेकर महानगर से लेकर मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं में उत्साह है। पार्टी इसे व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है।


































