भारत के 34 जनजातीय समुदायों के कारीगरों ने सजाया ‘जोहार हाट’
24 समुदायों के 100 से अधिक पारंपरिक व्यंजन बने आकर्षण; 19 नवंबर तक चलेगा पांच दिवसीय आयोजन
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में जनजातीय संस्कृति, कला, पारंपरिक ज्ञान और खानपान की विविधता को एक मंच पर प्रस्तुत करने वाले टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रमुख जनजातीय सम्मेलन ‘संवाद 2026’ का जमशेदपुर में शुभारंभ हुआ। 15 से 19 नवंबर तक आयोजित इस पांच दिवसीय सम्मेलन में देशभर के जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधि, कलाकार, पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के जानकार और खानपान विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन का उद्घाटन टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टी. वी. नरेंद्रन ने किया।

संवाद के पहले दिन ही जमशेदपुर में देश के विभिन्न जनजातीय समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। कला और हस्तशिल्प से लेकर पारंपरिक उपचार पद्धतियों तथा खानपान तक, अलग-अलग क्षेत्रों की परंपराओं को यहां प्रदर्शित किया गया।
15 राज्यों के 34 समुदायों की कला ‘जोहार हाट’ में
सम्मेलन के प्रमुख आकर्षण ‘जोहार हाट’ में भारत के 15 राज्यों के 34 जनजातीय समुदायों के कारीगरों ने अपनी भागीदारी निभाई। यहां 40 तरह की कला एवं हस्तशिल्प का प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं, पारंपरिक उपचार पद्धतियों की प्रदर्शनी में 17 राज्यों के 29 जनजातीय समुदायों के जानकार शामिल हुए हैं। इसके माध्यम से लोगों को पीढ़ियों से संरक्षित पारंपरिक ज्ञान और उपचार के तरीकों को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है।
24 समुदायों के 100 से अधिक पारंपरिक व्यंजन
जनजातीय खानपान को समर्पित ‘आतिथ्य’ भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसमें 14 राज्यों के 24 जनजातीय समुदायों के 100 से अधिक पारंपरिक व्यंजन पेश किए गए हैं। इन व्यंजनों के जरिए जनजातीय समाज के खानपान, स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों, पारंपरिक सामग्रियों और आजीविका के बीच के संबंधों को समझने का अवसर मिल रहा है।
जनजातीय पहचान और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा
संवाद के पहले दिन विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श भी हुआ। ‘The Silhouette and the Circle: Deconstructing Adivasiyat’ सत्र में जनजातीय पहचान के विविध पहलुओं पर चर्चा की गई। वहीं, ‘Vision to Viability’ सत्र में रचनात्मक क्षमता को स्थायी अवसरों में बदलने की संभावनाओं पर विचार साझा किए गए।
बिरसा मुंडा जयंती और झारखंड स्थापना दिवस से जुड़ा विशेष आयोजन
15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर सम्मेलन का विशेष सांस्कृतिक महत्व भी रहा। गोपाल मैदान में आयोजित समारोह में 251 नगाड़ों की गूंज, ‘Colours of Jharkhand’ की प्रस्तुति तथा न्योन्योक तालोम और कल्पना हांसदा की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

इस अवसर पर टाटा स्टील फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौरव रॉय ने कहा कि संवाद जनजातीय समुदायों के ज्ञान, संस्कृति और जीवन के अनुभवों को पहचानने तथा उनका उत्सव मनाने का मंच है। वर्षों में यह ऐसा आयोजन बन गया है, जहां विभिन्न समुदाय एक-दूसरे के साथ अपने अनुभव और पारंपरिक ज्ञान साझा करते हैं तथा नई संभावनाओं की तलाश करते हैं। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का प्रयास सांस्कृतिक विरासत, समुदायों की आकांक्षाओं और उपलब्ध अवसरों के बीच सार्थक जुड़ाव स्थापित करना है, जिसमें समुदायों की भागीदारी और प्राथमिकताओं को महत्व दिया जाता है।
19 नवंबर तक कला, संगीत और संस्कृति के कार्यक्रम
आगामी चार दिनों में कला एवं हस्तशिल्प, पारंपरिक उपचार पद्धतियों, जनजातीय खानपान, सामुदायिक ज्ञान, कहानी-किस्सों, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।

आयोजन के दौरान जनजातीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उपचार पद्धतियों और ‘आतिथ्य’ के स्टॉल प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात 9:30 बजे तक खुले रहेंगे। वहीं, गोपाल मैदान में प्रत्येक शाम 6 बजे से रात 9:30 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इनमें देश के विभिन्न जनजातीय समुदायों के संगीत, नृत्य और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।

संवाद 2026 के जरिए टाटा स्टील फाउंडेशन जनजातीय समुदायों को अपनी सांस्कृतिक पहचान का उत्सव मनाने, पारंपरिक ज्ञान साझा करने और अपनी विरासत को भविष्य की संभावनाओं से जोड़ने का अवसर उपलब्ध करा रहा है।




































