फतेह लाइव, रिपोर्टर।
पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत गोहला पंचायत के गोहला, देवली एवं आसपास के गांवों में लंबे समय से व्याप्त गंभीर मोबाइल नेटवर्क एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या को लेकर जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद विद्युत वरण महतो ने भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
सांसद ने अपने पत्र में बताया है कि स्थानीय ग्रामीणों एवं गोहला ग्राम पंचायत के मुखिया द्वारा उन्हें लिखित आवेदन दिया गया है, जिसमें क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के खराब मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवा से लंबे समय से परेशान होने की बात कही गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, वर्तमान में उपलब्ध मोबाइल टावर पर उपभोक्ताओं का अत्यधिक भार होने के कारण नेटवर्क क्षमता क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। इसके कारण इंटरनेट की गति अत्यंत धीमी रहती है, मोबाइल सिग्नल कमजोर रहता है तथा फोन कॉल के दौरान आवाज कटने, स्पष्ट सुनाई नहीं देने और कॉल ड्रॉप जैसी समस्याएं लगातार बनी रहती हैं।
पत्र में कहा गया है कि खराब मोबाइल नेटवर्क के कारण ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल भुगतान, बैंकिंग सेवाएं, सरकारी पोर्टल, वीडियो कॉल एवं अन्य आवश्यक ऑनलाइन कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
सांसद विद्युत वरण महतो ने जनहित में इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता देते हुए बीएसएनएल से गोहला, देवली एवं आसपास के गांवों में मोबाइल नेटवर्क की वास्तविक स्थिति का तकनीकी सर्वे कराने तथा क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति एवं ग्रामीणों की आवश्यकता को देखते हुए उपयुक्त स्थान पर नया बीएसएनएल मोबाइल टावर स्थापित कर 4G/5G नेटवर्क सेवा का विस्तार करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। पत्र के साथ गोहला ग्राम पंचायत के मुखिया एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत आवेदन की छायाप्रति भी संलग्न की गई है।


































