वर्ष 2000 से छठी मइया की आराधना में लीन हैं छपरहिया मोहल्ले की रेणु देवी, हर परिस्थिति में निभाती आ रही हैं व्रत की परंपरा
परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए करती हैं कठिन अनुष्ठान
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
लोकआस्था, पवित्रता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अटूट विश्वास और समर्पण का प्रतीक है। इस आस्था की एक मिसाल छपरहिया मोहल्ला निवासी रेणु देवी भी हैं, जो पिछले 27 वर्षों से लगातार छठ महापर्व का व्रत करती आ रही हैं। वर्ष 2000 में उन्होंने इस कठिन व्रत की शुरुआत की थी। जीवन में कई उतार-चढ़ाव और तमाम परेशानियां आईं, लेकिन छठी मइया के प्रति उनकी श्रद्धा कभी कमजोर नहीं पड़ी। हर वर्ष वे पूरी निष्ठा और विधि-विधान के साथ इस महापर्व को संपन्न करती हैं।

रेणु देवी की यह निरंतर साधना उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और छठी मइया के प्रति अटूट विश्वास को दर्शाती है। उनका समर्पण आज मोहल्ले के लोगों के लिए भी प्रेरणा का विषय बना हुआ है। कठिन परिस्थितियों में भी आस्था की परंपरा को कायम रखना उनके धार्मिक विश्वास की गहराई को बयां करता है।
चार दिनों तक चलती है सूर्य उपासना की कठिन साधना
छठ महापर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से सप्तमी तक चार दिनों तक मनाया जाता है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इस दिन व्रती स्नान कर शुद्धता के साथ सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। दूसरे दिन खरना होता है। आज शनिवार को खरना के अवसर पर व्रतियों ने दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर, रोटी और अन्य प्रसाद बनाकर छठी मइया को अर्पित किया। प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू करते हैं।
रविवार अस्ताचलगामी सूर्य को देंगे अर्घ्य, सोमवार को उगते सूर्य की उपासना
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार, 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे व्रती पानी में खड़े होकर बांस के सूप और दउरा में सजाए गए ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना सहित पारंपरिक प्रसाद से सूर्यदेव की आराधना करेंगे।
इसके अगले दिन सोमवार, 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसी के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा और व्रती पारण कर अपना निर्जला व्रत पूरा करेंगे।
आस्था के साथ प्रकृति और परिवार के मंगल की कामना का पर्व
छठ पूजा में सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना का विशेष महत्व है। सूर्य को जीवन, ऊर्जा और प्रकाश का आधार माना जाता है। इस पर्व में डूबते और उगते, दोनों सूर्य को अर्घ्य देकर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट की जाती है। मान्यता है कि छठी मइया की उपासना से परिवार में सुख-शांति, संतान की दीर्घायु, स्वास्थ्य और समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।
जाति, वर्ग और आर्थिक स्थिति से ऊपर उठकर मनाया जाने वाला यह महापर्व सामाजिक एकता, स्वच्छता, संयम और सामूहिक सहभागिता का भी संदेश देता है। रेणु देवी की 27 वर्षों की निरंतर साधना इसी अटूट लोकआस्था और परंपरा के प्रति समर्पण की एक मिसाल है।



































