गुरबाणी और जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल, बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने नगर भ्रमण में लिया हिस्सा
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
धनबाद के सिंदरी में सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर सिंदरी में धार्मिक आयोजनों की शुरुआत हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार, 17 नवंबर को गुरु नानक सिंह सभा, सिंदरी की ओर से पहली प्रभात फेरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई।
प्रभात फेरी की शुरुआत गुरुद्वारा परिसर से हुई। यहां से श्रद्धालुओं का जत्था नगर के मुख्य बाजार से होते हुए पुनः गुरुद्वारा परिसर पहुंचा। प्रभात फेरी के दौरान गुरबाणी के मधुर शब्दों और गुरु महाराज के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ नगर भ्रमण करते हुए गुरु नानक देव जी का स्मरण किया।
इस अवसर पर संगत ने गुरु महाराज के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर हर्ष व्यक्त किया। श्रद्धालुओं ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने दुनिया को एक ईश्वर, प्रेम, समानता, भाईचारे और मानव सेवा का संदेश दिया। उनके मूल सिद्धांत ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ मानव जीवन को सही दिशा दिखाते हैं।
प्रभात फेरियों के आयोजन का उद्देश्य गुरु महाराज की शिक्षाओं और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। गुरु नानक सिंह सभा की ओर से प्रकाश पर्व को लेकर आगे भी धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रभात फेरी में गुरुद्वारा के ग्रंथी बलबीर सिंह, सभा के प्रधान जसप्रीत सिंह, रेनू, हरेंद्र सिंह, जगदीश्वर सिंह, जगजीत सिंह, प्रेम सिंह, दलविंदर सिंह, सतविंदर सिंह, बलबीर सिंह, इंद्रजीत सिंह, हरविंदर सिंह, मनजीत सिंह उप्पल, जसपाल कौर, हरभजन कौर, मनजीत कौर, दविंदर कौर और हरजीत कौर सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए।



































