निखार सबलोक और कन्हैया यादव हत्याकांड से जुड़े अपराधियों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी
अखिलेश सिंह से लेकर गणेश सिंह और बिल्ला पाठक गिरोह तक पुलिस के निशाने पर
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर शहर में अपराध और आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अब अपराधियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिला पुलिस ने अलग-अलग आपराधिक मामलों में सक्रिय रहे 91 अपराधियों को चिह्नित किया है। इनमें 54 के खिलाफ सीसीए के तहत निरुद्धादेश और 37 के खिलाफ तड़ीपार की कार्रवाई की तैयारी है। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर चल रही इस कार्रवाई को जिले में सक्रिय अपराधियों और संगठित गिरोहों के नेटवर्क पर सीधा प्रहार माना जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई का दायरा केवल छोटे-मोटे आपराधिक मामलों तक सीमित नहीं है। सूची में शहर के चर्चित हत्याकांड, मॉल में फायरिंग, लूट और छिनतई जैसी घटनाओं से जुड़े अपराधकर्मी भी शामिल हैं। निखार सबलोक हत्याकांड और गोलमुरी के कन्हैया यादव हत्याकांड से जुड़े आरोपितों को भी कार्रवाई के लिए चिह्नित किया गया है। वहीं, बिंदल मॉल फायरिंग तथा मानगो थाना क्षेत्र में एसआईआर कराने के नाम पर हुई लूट के मामले से जुड़े अपराधियों पर भी पुलिस की नजर है।
गिरोहों के सदस्यों पर भी कसेगा शिकंजा
पुलिस की चिह्नित सूची में शहर के कई चर्चित आपराधिक गिरोहों से जुड़े सदस्य भी हैं। अखिलेश सिंह, गणेश सिंह, बिल्ला पाठक, कन्हैया सिंह और रंजीत-संजीत गिरोह से संबंधित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित है। इसके अलावा छिनतई के कई मामलों में संलिप्त हरपाल और मनप्रीत सिंह तथा मनीष से जुड़े अपराधियों को भी पुलिस ने अपने निशाने पर रखा है।
इस कार्रवाई के जरिए पुलिस की कोशिश ऐसे अपराधियों पर कानूनी प्रतिबंध लगाने की है, जिनकी गतिविधियों से शहर की शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होती रही है।
उलीडीह में सबसे ज्यादा 14 अपराधी चिह्नित
थानावार सूची में उलीडीह पुलिस क्षेत्र सबसे ऊपर है। यहां 12 अपराधियों के खिलाफ निरुद्धादेश और दो के खिलाफ तड़ीपार की कार्रवाई प्रस्तावित है। सोनारी में नौ अपराधियों को निरुद्धादेश के लिए चिह्नित किया गया है। बागबेड़ा और जुगसलाई में छह-छह अपराधियों पर निरुद्धादेश की तैयारी है। वहीं, गोलमुरी में सात अपराधियों को तड़ीपार करने का प्रस्ताव है।
थानावार कार्रवाई का आंकड़ा
– मानगो : 3 निरुद्धादेश, 3 तड़ीपार
– सिदगोड़ा : 2 निरुद्धादेश, 1 तड़ीपार
– सीतारामडेरा : 4 निरुद्धादेश, 1 तड़ीपार
– बागबेड़ा : 6 निरुद्धादेश, 3 तड़ीपार
– जुगसलाई : 6 निरुद्धादेश
– सोनारी : 9 निरुद्धादेश, 3 तड़ीपार
– कदमा : 3 निरुद्धादेश
– गोलमुरी : 2 निरुद्धादेश, 7 तड़ीपार
– टेल्को : 1 निरुद्धादेश, 2 तड़ीपार
– उलीडीह : 12 निरुद्धादेश, 2 तड़ीपार
– परसुडीह : 1 निरुद्धादेश, 2 तड़ीपार
– बर्मामाइंस : 2 निरुद्धादेश, 4 तड़ीपार
– साकची : 2 निरुद्धादेश, 1 तड़ीपार
– आजादनगर : 1 निरुद्धादेश, 4 तड़ीपार
– गोविंदपुर : 2 तड़ीपार
– बिष्टुपुर : 2 तड़ीपार
पुलिस का स्पष्ट संदेश: अपराधियों को नहीं मिलेगी खुली छूट
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने स्पष्ट किया है कि अपराध और संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानून के दायरे में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का लक्ष्य जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।



































