सांसद विद्युत वरण महतो होंगे मुख्य अतिथि, विधायक सरयू राय और पूर्णिमा साहू की रहेगी मौजूदगी; तीन दिवंगत वरिष्ठ पत्रकारों के नाम पर दिए जाएंगे पुरस्कार
पत्रकारों के मेधावी बच्चों को सम्मानित करने की नई पहल, चिकित्सा सेवाओं में सहयोग देने वाले चिकित्सक एवं संस्थान भी होंगे सम्मानित
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य में प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर की ओर से आयोजित होने वाला कोल्हान स्तरीय पत्रकार सम्मेलन सह सम्मान समारोह इस वर्ष 21 नवंबर 2026 को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस समारोह में कोल्हान के तीनों जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के पत्रकार जुटेंगे।
समारोह में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विधायक सरयू राय एवं विधायक पूर्णिमा साहू विशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। टाटा स्टील कॉरपोरेट कम्युनिकेशन के हेड राजेश रंजन, डीपीआरओ पंचानन उरांव सहित सामाजिक, राजनीतिक और कॉरपोरेट जगत से जुड़े कई गणमान्य लोगों को भी आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम की जानकारी प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने मंगलवार को रेड क्रॉस सोसाइटी भवन में आयोजित बैठक के दौरान दी। इस अवसर पर क्लब के महासचिव विकास श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष सुमित झा एवं राकेश सिंह, सह सचिव अमित तिवारी और कोषाध्यक्ष गंगाधर पांडेय उपस्थित थे।
तीन वरिष्ठ पत्रकारों के नाम पर मिलेंगे पुरस्कार
समारोह में दिवंगत पत्रकारों के परिजनों, वरिष्ठ पत्रकारों तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष भी तीन वरिष्ठ पत्रकारों स्व. गंगा प्रसाद कौशल, ध्रुव नारायण सिंह ‘नीरज’ और राधे श्याम अग्रवाल के नाम पर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन पुरस्कारों के माध्यम से पत्रकारिता में विशिष्ट योगदान और समर्पण को सम्मान दिया जाएगा।
इसके अलावा प्रेस क्लब की सहयोगी संस्थाओं तथा सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा। पत्रकारों और उनके परिवारों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, फिजियोथेरेपी सेंटरों, पैथोलॉजी एवं जांच केंद्रों के प्रतिनिधियों को भी समारोह में सम्मान प्रदान किया जाएगा।
पत्रकारों के मेधावी बच्चों को सम्मानित करने की नई पहल
इस वर्ष समारोह में एक नई पहल भी शामिल की गई है। प्रेस क्लब ने अपने पत्रकार सदस्यों के प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य पत्रकार परिवारों के बच्चों की शैक्षणिक और रचनात्मक उपलब्धियों को पहचान देने के साथ उनका उत्साह बढ़ाना है।
समारोह में कोल्हान के तीनों जिलों के पत्रकारों के अलावा राज्य के विभिन्न प्रेस क्लबों के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इस आयोजन के जरिए पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, एकजुटता और पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वालों के सम्मान का मंच तैयार होगा।



































