नीमडीह के गुंडा विहार गांव के डीटांड टोला में रात करीब 9:30 बजे हादसा, नीचे लटक रहे हाईटेंशन तार को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड में 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक दंतैल हाथी की मौत हो गई। सोमवार की रात गुंडा विहार गांव के डीटांड टोला में हुए इस हादसे के बाद ग्रामीणों में शोक के साथ बिजली विभाग और वन विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। मृत हाथी की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, हाथी भोजन की तलाश में खेतों की ओर पहुंचा था। बताया जाता है कि वह हुंरुडीह की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान खेत की मेड़ पार करते समय ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का बिजली तार उसकी पीठ के संपर्क में आ गया। हाईटेंशन करंट का तेज झटका लगते ही हाथी जमीन पर गिर पड़ा। करंट इतना तेज था कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा रात करीब साढ़े नौ बजे का बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। विशालकाय वन्यजीव की इस तरह मौत से लोगों में दुख और आक्रोश दोनों देखने को मिला। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
बिजली तारों की सुरक्षा पर उठे सवाल
हाथी की मौत के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि ग्रामीण और जंगल से सटे इलाकों में कई जगह हाईटेंशन बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं। इसके बावजूद उनकी नियमित जांच और मरम्मत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिजली तारों की ऊंचाई और सुरक्षा व्यवस्था का समय रहते ध्यान रखा गया होता तो शायद हाथी की जान बचाई जा सकती थी।
हाथियों के गांवों की ओर आने से बढ़ रही चिंता
ग्रामीणों ने दलमा वन्यजीव अभयारण्य से हाथियों के झुंड के ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ओर आने और गांवों के आसपास विचरण करने को लेकर भी चिंता जताई है। भोजन और पानी की तलाश में हाथियों की आवाजाही से जहां ग्रामीणों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है, वहीं वन्यजीवों के सामने भी इस तरह के खतरे लगातार बने हुए हैं।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग और वन विभाग से हादसे की निष्पक्ष जांच कराने, लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मियों पर कार्रवाई करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नीचे लटक रहे हाईटेंशन तारों को दुरुस्त कराने की मांग की है। साथ ही हाथियों के सुरक्षित आवागमन और संरक्षण के लिए ठोस व्यवस्था करने की अपील की है।



































