- स्कूली बच्चों ने जर्जर सड़क को लेकर दिया था धरना
- विधायक निधि से आजादनगर रोड नंबर-5 में शुरू हुआ निर्माण कार्य
- स्थानीय लोगों ने लड्डू बांटकर जताई खुशी
- सड़क निर्माण शुरू होने पर मल्लिक कॉलोनी में बांटे गए लड्डू, लोगों ने जताया आभार
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के जर्जर सड़क से परेशान स्कूली बच्चों के धरने का असर महज दो दिनों में देखने को मिला। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर मानगो नगर निगम के वार्ड संख्या 23 अंतर्गत आजादनगर रोड नंबर-5 स्थित मल्लिक कॉलोनी में बुधवार को सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया। डॉ. अयूब खान के घर से भैया पान दुकान तक बनने वाली इस सड़क का निर्माण विधायक निधि से कराया जा रहा है। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व रविवार को सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान स्थानीय स्कूली बच्चे धरने पर बैठ गए थे। बच्चों का कहना था कि जर्जर सड़क के कारण उन्हें प्रतिदिन स्कूल आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सड़क पर बने गड्ढों और खराब रास्ते के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। बच्चों ने स्पष्ट किया था कि जब तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं होगा, वे प्रत्येक रविवार को धरना जारी रखेंगे। बच्चों की इस पहल ने स्थानीय लोगों का भी ध्यान आकर्षित किया था।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाशोत्सव पर अमृत संचार, 25 श्रद्धालु खालसा बने
जर्जर सड़क से परेशान स्कूली बच्चों ने दिया था धरना, विधायक से लगाई थी गुहार
बच्चों के धरने की जानकारी मिलने पर विधायक सरयू राय मौके पर पहुंचे और धरनारत बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण की अनुशंसा वे दो माह पूर्व ही अपनी विधायक निधि से कर चुके हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि अगले दो दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। विधायक के आश्वासन के अनुरूप बुधवार को सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। इससे मल्लिक कॉलोनी के निवासियों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए लड्डू बांटे और विधायक सरयू राय के प्रति आभार व्यक्त किया। वार्ड संख्या 23 की पार्षद होमा आफरीन सहित स्थानीय नागरिकों ने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण बच्चों, बुजुर्गों और आम राहगीरों को काफी परेशानी होती थी। अब सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा। बच्चों के शांतिपूर्ण धरने और विधायक की पहल से समस्या के समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई हुई है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : विधायक संजीव सरदार के प्रयास से बागबेड़ा में पांच अस्थाई छठ घाटों का समतलीकरण
दो माह पहले विधायक निधि से हुई थी सड़क निर्माण की अनुशंसा, अब धरातल पर उतरा काम
इस अवसर पर मानगो नगर निगम जनसुविधा समिति के संयोजक पप्पू सिंह, वार्ड संख्या 23 की पार्षद होमा आफरीन, वार्ड संख्या 28 की पार्षद जेबा फरीन, वार्ड संख्या 21 की पार्षद इरफाना खातून, वार्ड संख्या 24 के पार्षद नुरूल हक अंसारी, पिंटू सिंह, आफताब अहमद सिद्दीकी, फिरोज आलम, सन्नी मिर्जा, मुकेश सिंह समेत अनेक स्थानीय लोग उपस्थित थे। स्थानीय लोगों ने कहा कि बच्चों ने अपनी बुनियादी समस्या को लेकर जिस तरह आवाज उठाई, वह सराहनीय है। वहीं, सड़क निर्माण शुरू होने से कॉलोनी के लोगों में उत्साह का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा होगा, जिससे विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी और आम नागरिकों को भी आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। स्थानीय निवासियों ने विधायक से क्षेत्र की अन्य जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की भी अपेक्षा जताई।


































