- टुईलाडूंगरी गुरुद्वारा साहिब में अकाली दल जमशेदपुर ने कराया अमृत संचार समारोह
- पंज प्यारों ने खंडे-बाटे की पाहुल छकाकर श्रद्धालुओं को बनाया अमृतधारी
- अमृत संचार समारोह में खालसा पंथ की परंपरा और गुरु मर्यादा का दिया संदेश
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाशोत्सव को समर्पित बुधवार को अकाली दल जमशेदपुर की ओर से टुईलाडूंगरी गुरुद्वारा साहिब में अमृत संचार समारोह का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में 25 सिख श्रद्धालुओं ने खंडे-बाटे की पाहुल छककर खालसा स्वरूप धारण किया। समारोह में पंज प्यारों के रूप में जत्थेदार जरनैल सिंह, भाई रविंदर सिंह, भाई रविंद्रपाल सिंह, भाई जसबीर सिंह एवं भाई प्रीतपाल सिंह शामिल हुए। सभी ने 25 अभिलाषी सिख श्रद्धालुओं को अमृतपान कराकर अमृतधारी बनाया। इस दौरान अमृतपाल सिंह ने ग्रंथी सिंह की भूमिका निभाई, जबकि हरजिंदर सिंह और भाई रणजीत सिंह ने सहयोगी सेवादार के रूप में सेवा की। समारोह में संगत ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया। अमृत संचार के माध्यम से श्रद्धालुओं ने सिख धर्म की महान परंपरा और खालसा पंथ की मर्यादाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : विधायक संजीव सरदार के प्रयास से बागबेड़ा में पांच अस्थाई छठ घाटों का समतलीकरण
गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर 25 श्रद्धालुओं ने धारण किया खालसा स्वरूप
इस अवसर पर अकाली दल के भाई रविंदर पाल सिंह ने कहा कि 25 नए सिख भाई-बहनों ने अमृत छककर सिख धर्म की महान परंपरा को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सिख को खालसा की शक्ति, आस्था और सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए, ताकि सभी सदैव गुरु के बताए मार्ग पर चल सकें। उन्होंने नए अमृतधारी सिखों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल धार्मिक जीवन की कामना की। समारोह के दौरान अमृतपान करने वाले श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले पंज प्यारों, सेवादारों और उपस्थित संगत के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस धार्मिक आयोजन ने गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव के अवसर पर सिख धर्म की आस्था, सेवा, अनुशासन और खालसा परंपरा के संदेश को प्रसारित किया।


































