- आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का होगा परीक्षण
- रेड क्रॉस भवन और निर्मल गेस्ट हाउस में आयोजित होंगे कार्यक्रम
- 26 नवंबर की मॉक ड्रिल स्थगित, अब 28 नवंबर को होगा आपातकालीन सुरक्षा अभ्यास
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने और आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से 28 नवंबर 2026 को मॉक ड्रिल एवं ब्लैक आउट अभ्यास आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम अपराह्न 3:30 बजे शुरू होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मॉक ड्रिल का आयोजन साकची स्थित रेड क्रॉस भवन, डीसी ऑफिस रोड में किया जाएगा, जबकि निर्मल गेस्ट हाउस, सर्किट हाउस एरिया में ब्लैक आउट (बत्ती बंद) का अभ्यास होगा। इस दौरान हवाई हमले की पूर्व चेतावनी देने के लिए सायरन बजाया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में मिलने वाले संकेतों और सतर्कता के प्रति जागरूक किया जा सके। जिला प्रशासन ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य संभावित खतरे की स्थिति में लोगों और संबंधित विभागों की तैयारियों को मजबूत करना है।
इसे भी पढ़ें : Ramgarh : शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस पर नेमरा पहुंचे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन
हवाई हमले की चेतावनी से निपटने की तैयारी, जमशेदपुर में सायरन और ब्लैक आउट का होगा अभ्यास
उल्लेखनीय है कि यह मॉक ड्रिल पहले 26 नवंबर 2026 को निर्धारित थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित कर अब 28 नवंबर की तिथि तय की गई है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय पर आवश्यक उपकरणों, साजो-सामान और संसाधनों के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय, आपातकालीन प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा। इसका उद्देश्य किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से मॉक ड्रिल में सहयोग करने तथा प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


































