- सचिन टुडू प्लेयर ऑफ द सीरीज एवं सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सुमित महतो बने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज
फतेह लाइव, रिपोर्टर
महादेव प्रीमियर लीग (एमपीएल) के छठे संस्करण में बडाहरिहरपुर ब्लास्टर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रामचंद्रपुर रॉयल्स को सात विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया. फाइनल मैच में बडाहरिहरपुर ब्लास्टर्स ने रामचंद्रपुर रॉयल्स के 93 रन के लक्ष्य को 11वें ओवर में ही प्राप्त कर लिया. रामचंद्रपुर रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट खोकर 93 रन बनाए, जिसमें सुमित महतो ने 36 और सचिन टुडू ने 23 रन की अहम पारी खेली. बडाहरिहरपुर की ओर से मुकेश कुमार ने दो और लालचंद रवानी ने एक विकेट लिया. बडाहरिहरपुर की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए नारायण महतो की 36 रन और मुकेश कुमार की 28 रन की पारी से आसानी से मैच जीत लिया. इस जीत के साथ बडाहरिहरपुर ब्लास्टर्स ने एमपीएल-6 का खिताब अपने नाम किया.
इसे भी पढ़ें : Accident Near Railway Station : टाटानगर स्टेशन के पास डंपर की चपेट में आकर बाइक सवार पति-पत्नी की मौत
फाइनल में रामचंद्रपुर रॉयल्स के सचिन टुडू को प्लेयर ऑफ द सीरीज और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का खिताब मिला, वहीं सुमित महतो को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार दिया गया. फाइनल के प्लेयर ऑफ द फाइनल मुकेश कुमार रहे. इस टूर्नामेंट का आयोजन कांड्रा स्थित आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड द्वारा किया गया, जहां सभी मैच बडाहरिहरपुर मैदान में खेले गए. कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर उनका उत्साह बढ़ाया. इस दौरान अंपायरिंग की भूमिका लालू प्रसाद यादव और महेश माही ने निभाई, जबकि दीपक यादव स्कोरर थे. महादेव प्रीमियर लीग (एमपीएल) में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया और टूर्नामेंट के सफल आयोजन में सभी उच्चाधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

































