सप्ताह में चार दिन जलियांवाला बाग एक्सप्रेस चलाने और जम्मू तवी एक्सप्रेस का रोजाना परिचालन बहाल करने की मांग
उप महाप्रबंधक मनीष जैन ने कहा—मांगों पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
टाटा से अमृतसर जाने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103/18104) को कोहरे के कारण 2 दिसंबर से 28 फरवरी तक रद्द किए जाने के फैसले का सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) ने जोरदार विरोध किया है। इस मुद्दे को लेकर सोमवार को CGPC के प्रधान भगवान सिंह के नेतृत्व में 31 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचा। जहां स्टेशन दौरे पर आये दक्षिण पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक मनीष जैन से मुलाकात कर उन्हें जनभावना से जुड़े इस मुद्दे पर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल के साथ मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान CGPC की ओर से रेलवे अधिकारियों को शॉल एवं बुके भेंट कर सिख समुदाय की ओर से सम्मानित भी किया गया।
जलियांवाला बाग को सप्ताह में चार दिन चलाने की मांग
ज्ञापन में CGPC ने कहा कि टाटानगर से अमृतसर के बीच चलने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को कोहरे का हवाला देकर करीब तीन महीने तक रद्द करना जमशेदपुर और आसपास के सिख समाज के साथ-साथ पंजाब जाने वाले यात्रियों के लिए गंभीर समस्या पैदा करेगा। कमेटी ने ट्रेन को पूरी तरह रद्द करने के फैसले पर पुनर्विचार करते हुए सप्ताह में कम से कम चार दिन इसका परिचालन जारी रखने की मांग की। इसके साथ ही टाटानगर से जम्मू तवी एक्सप्रेस का पूर्व की तरह प्रतिदिन परिचालन बहाल करने की मांग भी रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखी गई।
मनीष जैन ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन
उप महाप्रबंधक मनीष जैन ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि इन मांगों पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। रेलवे अधिकारियों के समक्ष यात्रियों की समस्याओं और दोनों ट्रेनों के परिचालन से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से रखा गया।
CGPC की ओर से अधिकारियों को बताया गया कि 7 अक्टूबर को मंडल रेल प्रबंधक से भी इस संबंध में मुलाकात की जाएगी। इस पर मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह स्वयं 7 अक्टूबर को जमशेदपुर आकर प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे और मामले पर सकारात्मक पहल करेंगे।
मांगें नहीं मानी गईं तो रेल चक्का जाम की चेतावनी
CGPC ने रेलवे को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दोनों मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो दुर्गापूजा के बाद रेल चक्का जाम किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि रेल अधिकारियों को लगातार ज्ञापन देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। अब सिख समाज इस मुद्दे पर आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार है।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान जमशेदपुर की विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों भी मौजूद रहे। इनमें झामुमो से अवतार सिंह संधू, गुरमीत सिंह, गौतम बोस, भाजपा नवजोत सिंह सोहल, निर्मल दादा, राजकुमार दास और सुखदेव सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
वहीं, इस मौके पर CGPC के प्रधान भगवान सिंह, चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह, वरीय उपाध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह भाटिया, सुरजीत सिंह खुशीपुर, चंचल सिंह, हरविंदर सिंह मंटू, महासचिव अमरजीत सिंह, गुरचरण सिंह बिल्ला, कोषाध्यक्ष गुरनाम सिंह बेदी, गुरशरण सिंह, अजीत सिंह गंभीर, जोगिंदर सिंह जोगी, परमजीत सिंह, रोशन सिंह, प्रीतम सिंह, लखविंदर सिंह, रविंद्र सिंह, मलकीत सिंह, अवतार सिंह सोखी, चेयरमैन गुरमेल सिंह, सलाहकार सुरेंद्र सिंह शिंदे, सुखदेव सिंह बिट्टू, ज्ञानी कुलदीप सिंह, कांग्रेस नेता सुखदेव सिंह मल्ली, सुखविंदर सिंह, सरबजीत सिंह ग्रेवाल, गुरमीत सिंह, बलविंदर सिंह, अमन सिंह और महेंद्र पाल सिंह समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे। सेंट्रल सिख स्त्री सत्संग सभा की चेयरमैन कमलजीत कौर, संरक्षक दलबीर कौर, सतनाम कौर, जसवीर कौर सहित बड़ी संख्या में लोग भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मौजूद रहे।




































