फतेह लाइव, रिपोर्टर।
बोड़ाम थाना क्षेत्र के भादूडीह में वन विभाग के चेकनाका के समीप टाटा-पटमदा मुख्य सड़क किनारे स्थित एक जनरल स्टोर में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने एस्बेस्टस की छत काटकर करीब 1.20 लाख रुपये की चोरी कर ली। चोरी गए सामान में करीब 30 हजार रुपये नकद भी शामिल हैं। घटना की जानकारी रविवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक महानंद महतो को हुई। उन्होंने तत्काल बोड़ाम पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, महानंद महतो शनिवार रात करीब 10 बजे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो एस्बेस्टस की छत कटी हुई मिली। दुकान के अंदर सामान भी बिखरा पड़ा था। जांच करने पर उन्हें नकदी समेत करीब 1.20 लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
बताया जाता है कि पिछले एक वर्ष के भीतर इसी दुकान में चोरी की यह तीसरी घटना है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है, ताकि रात के समय होने वाली आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल डिमना लेक से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर है और टाटा-पटमदा मुख्य सड़क होने के कारण यहां चौबीसों घंटे वाहनों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद चोरों द्वारा बेखौफ होकर दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिए जाने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि चोरी की घटनाओं पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया तो दुकानदारों में असुरक्षा की भावना और बढ़ेगी।
गौरतलब है कि बीते 3 अगस्त को भी बोड़ाम बाजार स्थित एक आभूषण दुकान और बारियादा की एक मोबाइल दुकान में एस्बेस्टस की छत काटकर लाखों रुपये की चोरी की गई थी। इन घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में चोरों के बढ़ते मनोबल को लेकर भी लोगों की चिंता बढ़ गई है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य संभावित सुरागों के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई का प्रयास किया जा रहा है।









































