फतेह लाइव, रेपोर्टर।
गालुडीह थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा ग्लैमर मोटरसाइकिल और हेलमेट भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग ओडिशा से मोटरसाइकिल के जरिए गांजा लेकर गालुडीह होते हुए जमशेदपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने सूचना के आधार पर गालुडीह बराज के समीप कैनाल रोड पर घेराबंदी की।
इसी दौरान ग्लैमर मोटरसाइकिल से जा रहे तीन संदिग्धों को पुलिस ने रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान करीब 11 किलो गांजा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश कुमार सिंह (43), श्याम नाथ राय (38) और बाबुलाल यादव (50) के रूप में हुई है। तीनों जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर गांजा के अवैध कारोबार में शामिल होने की जानकारी दी है। इसके आधार पर पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 11 किलोग्राम गांजा, ग्लैमर मोटरसाइकिल संख्या JH05BF-3463 और एक काले रंग का हेलमेट बरामद किया है। मामले में गालुडीह थाना कांड संख्या 17/2026, दिनांक 15 अगस्त 2026 को धारा 111(4) BNS एवं 20(b)(ii)(B)/22/29 NDPS Act, 1985 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पूछताछ और जांच के आधार पर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।









































