फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर। भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर सोमवार, 17 अगस्त 2026 को 11 सूत्री मांगों को लेकर राष्ट्रव्यापी एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इसके तहत जमशेदपुर विभाग के अंतर्गत आने वाले पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने अपनी 11 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री, केंद्रीय श्रम मंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम सौंपा।

पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आयोजित धरना में प्रदेश अध्यक्ष बलिराम यादव, जिला अध्यक्ष अनिमेष कुमार दास, कार्यकारी अध्यक्ष वाई. शुक्ला, यूरेनियम मजदूर संघ के महामंत्री मुकेश कुमार, हरेश्वर सिंह, राजकुमार भगत, अनिल कुमार सिंह, चंद्रशेखर पंडित, मनोज कुमार सिंह, अमित कुमार, वीर बहादुर सिंह, जितेंद्र सिंह, उपेंद्र सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल हुए।
सरायकेला-खरसावां जिला मुख्यालय पर जमशेदपुर विभाग प्रमुख अभिमन्यु सिंह, जिलाध्यक्ष अजय कुमार शर्मा, जिला मंत्री केश्वर मिश्रा, सहायक मंत्री जितेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष लक्ष्मण कुमार, शीतल महतो, दिलीप कुमार, सुरेंद्र साव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। वहीं, चाईबासा में जिला अध्यक्ष गुलशन सुंडी, उपाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह सहित अन्य सदस्यों ने धरना देते हुए ज्ञापन सौंपा।
ये हैं प्रमुख मांगें
भारतीय मजदूर संघ की प्रमुख मांगों में ईपीएस-95 के तहत आने वाले पेंशनधारियों की न्यूनतम पेंशन को बढ़ाकर 7,500 रुपये प्रतिमाह करने तथा उन्हें आयुष्मान चिकित्सा योजना से जोड़ने की मांग शामिल है। इसके अलावा समान काम के लिए समान वेतन, बोनस की सीलिंग बढ़ाकर 18,000 रुपये करने, बैंकों में पांच दिवसीय कार्य दिवस लागू करने और ग्रेच्युटी की सीमा 40 लाख रुपये करने की मांग की गई।
संघ ने श्रम कानूनों से मजदूर विरोधी प्रावधान हटाने, ईएसआईसी की वेतन सीमा 21,000 रुपये से बढ़ाकर 42,000 रुपये करने, न्यूनतम मजदूरी 30,000 रुपये प्रतिमाह करने तथा योजना कर्मियों का मानदेय बढ़ाने की मांग भी उठाई।
भारतीय मजदूर संघ के जमशेदपुर विभाग प्रमुख अभिमन्यु सिंह ने कहा कि मजदूरों की लंबित मांगों के समाधान के लिए केंद्र सरकार को गंभीरता से पहल करनी चाहिए।









































