फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में बैम ऑफिशल एवं बो एंड एरो के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्पॉटलाइट सीजन-1’ का भव्य आयोजन बिष्टुपुर स्थित एक होटल में किया गया। फैशन, मॉडलिंग और प्रतिभा का संगम बने इस आयोजन में जमशेदपुर के अलावा धनबाद, बोकारो, चक्रधरपुर और आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 60 से अधिक प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीब सरदार, समाजसेविका आशा सिंह, आरफीन अशरफ, आयोजक बसंत दास एवं उनके अभिभावक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर आयोजकों की ओर से सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रतिभागियों ने मंच पर दिखाया आत्मविश्वास और हुनर
स्पॉटलाइट सीजन-1 में Mr., Miss, Mrs. और Kids सहित विभिन्न कैटेगरी में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और स्टेज प्रेजेंस का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों और फैशन प्रेमियों की खूब तालियां बटोरीं।
आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण रनवे शो रहा, जिसमें प्रतिभाशाली डिजाइनर्स सना, दीप्ति और जोहरा ने अपने शानदार कलेक्शन प्रस्तुत किए। आकर्षक डिजाइनों और प्रतिभागियों की शानदार रैंप वॉक ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
संजीब सरदार ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीब सरदार ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनके भीतर छिपी कला और प्रतिभा को निखारने का काम करते हैं। उन्होंने आयोजन के लिए आयोजकों और पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
मोहित, शिवानी और सृष्टि ने जीते खिताब
प्रतियोगिता के विजेताओं में Mr. Category का खिताब मोहित राजपूत, Mrs. Category का खिताब शिवानी ओझा और Miss Category का खिताब सृष्टि कुमारी ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर अपने नाम किया।
वहीं Kids Category में भी प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। मन्नत सुनुवर, अक्षय आनंद और रितम दास ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विशेष पहचान बनाई।
पूरी टीम की मेहनत से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजकों के साथ पूरी टीम और सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायक मंडल में तनुश्री बोस और ज्योत्सना सरकार शामिल रहीं। वहीं प्रतिभागियों को तैयार करने और कार्यक्रम को बेहतर ढंग से संचालित करने में आशीष खा, रेहान, कार्तिक कश्यप, पूजा परिहार, शिल्पी दास, सुमी चक्रवर्ती और प्राची ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
आयोजक बसंत दास ने कहा कि स्पॉटलाइट सीजन-1 की सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी टीम, प्रतिभागियों, डिजाइनर्स, सहयोगियों और सपोर्टिंग सदस्यों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि नए टैलेंट को मंच, पहचान और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का अवसर देना है। फैशन, मॉडलिंग, पेजेंट्री और रनवे की दुनिया में नए एवं प्रतिभाशाली चेहरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
सीजन-1 की सफलता के बाद आगे भी जारी रहेगा सफर
आयोजकों ने कहा कि स्पॉटलाइट सीजन-1 की सफलता के बाद आने वाले समय में और बड़े एवं बेहतर शो आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से नए कलाकारों, मॉडल्स और प्रतिभाशाली प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दुनिया के सामने रखने का मंच उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।









































