पेयजल, सफाई, स्ट्रीट लाइट और हाई मास्क लाइट की व्यवस्था सुधारने की मांग, 18 पार्षदों ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में पेयजल, सफाई, स्ट्रीट लाइट और हाई मास्क लाइट समेत मूलभूत सुविधाओं की कथित बदहाल व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को ज्ञापन सौंपा है। पार्षदों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना, प्रदर्शन और अनशन करेंगे।
पार्षदों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि नगर परिषद चुनाव के बाद से क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति अपेक्षाकृत खराब हुई है। इसका खामियाजा सीधे तौर पर आम जनता को भुगतना पड़ रहा है और जनता अपने-अपने क्षेत्र के पार्षदों से जवाब मांग रही है।
सप्ताह में सिर्फ 2-3 दिन उठ रहा कचरा
पार्षदों ने डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाली एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी मनमानी कर रही है और सप्ताह में केवल दो से तीन दिन ही कचरे का उठाव किया जाता है। वह भी सभी क्षेत्रों में नियमित रूप से नहीं पहुंच पाता।
पार्षदों ने मांग की कि मौजूदा एजेंसी को हटाकर कचरा उठाव की व्यवस्था सीधे नगर परिषद के माध्यम से कराई जाए। साथ ही सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से सप्ताह के सातों दिन नियमित कचरा उठाने के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
मच्छरों से बचाव के लिए नियमित फोगिंग की मांग
ज्ञापन में जुगसलाई क्षेत्र में नियमित रूप से फोगिंग कराने की भी मांग की गई है। पार्षदों ने कहा कि मच्छरों की रोकथाम के लिए फोगिंग मशीन से दवा का छिड़काव, ब्लीचिंग पाउडर, एंटी लार्वा और अन्य आवश्यक कीटनाशक उपाय नियमित रूप से किए जाने चाहिए।
पेयजल व्यवस्था और पानी की गुणवत्ता पर उठे सवाल
पार्षदों ने मांग की कि जुगसलाई की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जिम्मेदारी जुगसलाई नगर परिषद संभाले। उन्होंने कहा कि पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच कराई जाए और उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि लोगों को यह जानकारी मिल सके कि उन्हें मिलने वाला पानी पीने योग्य है या नहीं।
इसके अलावा जिन इलाकों में पानी की आपूर्ति बाधित है, वहां तत्काल सुधार करने, खराब चापाकलों की सूचना मिलने के 48 घंटे के भीतर मरम्मत कराने तथा पेयजल की गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई।
खराब स्ट्रीट लाइट और हाई मास्क लाइट जल्द ठीक करने की मांग
ज्ञापन में क्षेत्र की खराब स्ट्रीट लाइट और हाई मास्क लाइट की त्वरित मरम्मत कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। पार्षदों ने कहा कि उनके द्वारा अनुशंसित जरूरत वाले स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइट और हाई मास्क लाइट भी लगाई जाएं।
पार्षदों ने उपायुक्त को बताया कि पिछले कई महीनों से व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन स्थिति सुधरने के बजाय और खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता अपने क्षेत्र के पार्षदों से सवाल करती है, लेकिन व्यवस्थागत खामियों के कारण पार्षदों के पास संतोषजनक जवाब नहीं होता। जनता की नाराजगी का सामना भी निर्वाचित पार्षदों को करना पड़ रहा है।
उपायुक्त ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
पार्षदों ने उपायुक्त से कहा कि वे उम्मीद और विश्वास के साथ उनके समक्ष पहुंचे हैं तथा उन्हें भरोसा है कि उपायुक्त के हस्तक्षेप से व्यवस्था में सुधार होगा। इस पर उपायुक्त ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि वे स्वयं इन मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए पहल करेंगे और जल्द ही व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में सत्यनारायण अग्रवाल, बड़े लाल दुबे, अनिल मोदी, शिल्पा तापड़िया, सुरेश शर्मा लीप्पू, अब्बास अंसारी, सोनू राशिद, बंटी सिंह, सौरभ रजक, जिशान हुसैन, राहत हुसैन, सैफ गद्दी, जगदीप सिंह मिंटू, गौहर गद्दी और मो. मुस्ताक सहित कुल 18 पार्षद उपस्थित थे।
आवश्यक कार्रवाई के लिए ज्ञापन की प्रतियां झारखंड के मुख्यमंत्री, नगर विकास एवं आवास मंत्री, मुख्य सचिव, प्रधान सचिव नगर विकास एवं आवास विभाग, निदेशक सूडा, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम तथा इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी जुगसलाई को भी भेजी गई हैं।









































