25 अक्टूबर को वायु सेना दिवस समारोह, संगठन विस्तार और नई कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर की मासिक बैठक रविवार को सुबह 9:30 बजे गोलमुरी स्थित एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, वित्तीय पारदर्शिता, पूर्व सैनिकों एवं उनके पात्र आश्रितों के लिए चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता और समाजसेवा के कार्यों को गति देने पर विस्तार से चर्चा हुई। विचार-विमर्श के बाद कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से सहमति बनी।
बैठक में संगठन की एकरूपता और पहचान मजबूत करने के लिए सफेद टी-शर्ट को संगठन की यूनिफॉर्म बनाने का निर्णय लिया गया। वहीं, वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मासिक सदस्यता योगदान का विवरण आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किया जाएगा। सदस्यों की सुविधा के लिए भुगतान संबंधी क्यूआर कोड और बैंक खाते की जानकारी भी उपलब्ध कराने पर सहमति बनी।
25 अक्टूबर को होगा वायु सेना दिवस समारोह
बैठक में आगामी 25 अक्टूबर 2026 को वायु सेना दिवस समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम का स्थल हॉल की बुकिंग सुनिश्चित होने के बाद घोषित किया जाएगा। इसके साथ ही संगठन के विस्तार और नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। सदस्यों ने अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों को परिषद से जोड़ने और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पूर्व सैनिकों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा की पहल
पूर्व सैनिकों और उनके पात्र आश्रितों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों को संबंधित चिकित्सा योजना के पैनल में शामिल कराने की दिशा में पहल की जाएगी। इस संबंध में आवश्यक पत्र का प्रारूप तैयार करने की जिम्मेदारी सार्जेंट चंदन कुमार झा को सौंपी गई। सदस्यों ने इसे पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए आवश्यक प्रयास करने पर सहमति जताई।
बैठक में सार्जेंट चंदन कुमार झा को सर्वसम्मति से परिषद का नया मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। उनसे संगठन की गतिविधियों, कार्यक्रमों और समाजसेवा से जुड़े कार्यों को जनसामान्य तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की गई।
छठ महापर्व पर प्रसाद और फलों का वितरण
समाजसेवा के तहत छठ महापर्व के अवसर पर प्रसाद एवं फलों का वितरण करने का प्रस्ताव स्वीकार किया गया। इसकी जिम्मेदारी मनोज सिंह एवं उनके सहयोगियों को दी गई। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों के बीच साफ-सुथरे और उपयोग योग्य पुराने कपड़े वितरित करने तथा जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने जैसे कल्याणकारी कार्य शुरू करने पर भी सहमति बनी।
सदस्यों के बीच आपसी मेलजोल और पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाने के लिए उमेश शर्मा के सुझाव का स्वागत किया गया। इसके तहत सदस्य एक-दूसरे के घर जाकर पारिवारिक संपर्क, आपसी सहयोग और सद्भाव को बढ़ावा देंगे।
हर महीने दूसरे रविवार को होगी बैठक
संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित और प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक महीने के दूसरे रविवार को एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में मासिक बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठकों को व्यवस्थित बनाने के लिए उपयुक्त साउंड सिस्टम की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने संगठनात्मक अनुशासन, वित्तीय पारदर्शिता, पूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा और समाजसेवा को परिषद की प्रमुख प्राथमिकताएं बनाने का संकल्प लिया। सदस्यों ने परिषद को अधिक सक्रिय, संगठित और जनकल्याण के प्रति समर्पित बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।
बैठक में जितेंद्र सिंह, दीपक शर्मा, सुखविंद्र सिंह, अवधेश कुमार, मनोज सिंह, राजीव कुमार, राजेश कुमार, दिलीप कुमार, धनंजय निर्दोष, मोहन दुबे, दिनेश कुमार राय, पवन कुमार, अमित कुमार झा, प्रकाश पटेल, राशकुंजा सिंह, उमेश शर्मा, योगेश कुमार सिंह, अजीत कुमार झा, निरंजन कुमार, बिरजू कुमार, संतोष कुमार मिश्रा, गौतम लाल एवं जय प्रकाश दत्ता सहित कुल 35 सदस्य उपस्थित रहे।


































