कलाकार कराओके की अनूठी पहल, आशीर्वाद भवन में सजी संगीतमय शाम; गीतों से खिले बुजुर्गों के चेहरे
फ़तेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में बुजुर्गों के जीवन में खुशियों के रंग भरने और उनके साथ कुछ यादगार पल बिताने के उद्देश्य से कलाकार कराओके की ओर से बाराद्वारी स्थित आशीर्वाद भवन वृद्धाश्रम में ‘एक शाम बुजुर्गों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शाम पांच बजे शुरू हुए इस संगीतमय कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को खुशनुमा बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर बुजुर्गों का मनोरंजन किया। गीत-संगीत के बीच वृद्धाश्रम का वातावरण उल्लास और आत्मीयता से भर उठा। बुजुर्गों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और उन्हें स्नेह व आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर महिला कलाकारों में विद्या और पूर्णिमा, जबकि पुरुष कलाकारों में अमरजीत सिंह, मंटू, गणेश, अरिंदम और विश्वजीत ने अपनी सहभागिता निभाई। सभी कलाकारों ने मिलकर कार्यक्रम को यादगार बनाने का प्रयास किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों के साथ समय बिताने के साथ-साथ समाज में उनके प्रति सम्मान, संवेदना और अपनत्व की भावना को मजबूत करना था। आयोजकों की इस पहल ने संदेश दिया कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभवों का सम्मान करना, उनकी भावनाओं को समझना और उनके साथ खुशियों के पल साझा करना सामाजिक जिम्मेदारी है।
कलाकार कराओके की यह पहल संगीत के माध्यम से सेवा, प्रेम और मानवीय संवेदना को अभिव्यक्त करने का एक सराहनीय प्रयास रही।


































