बैंक परिसर और आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश, सीसीटीवी, अलार्म सिस्टम और आपातकालीन पुलिस सहायता पर जोर
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर शहर में बैंक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और बैंक से संबंधित आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (नगर) ललित मीणा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में आयोजित इस बैठक में विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों, शाखा प्रबंधकों और पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में बैंक परिसर के साथ आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने पर जोर दिया गया। बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय-01 ऋषभ त्रिवेदी, पुलिस उपाधीक्षक (नगर क्षेत्र) और बिष्टुपुर थाना प्रभारी सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे।

सीसीटीवी और अलार्म सिस्टम की कार्यशीलता पर जोर
बैठक के दौरान बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और अलार्म प्रणाली की स्थिति की समीक्षा की गई। आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित सहायता सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा हुई। बैंक परिसर और आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा बैंक ग्राहकों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस और बैंक प्रबंधन के बीच समन्वय के निर्देश
पुलिस अधीक्षक (नगर) ने बैंक प्रबंधन और पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा संबंधी उपायों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने पर जोर दिया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक का उद्देश्य बैंकों और उनके आसपास सुरक्षित वातावरण बनाए रखना तथा संभावित आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस और बैंक प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना रहा।


































