22 एलएचबी कोचों से लैस होगी ट्रेन, झारखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के यात्रियों को मिलेगी सीधी रेल कनेक्टिविटी
सांसद विद्युत वरण महतो ने टाटानगर में किया रवाना, 4 नवंबर से नियमित परिचालन
1,677 किलोमीटर का सफर तय करेगी संतरागाछी–खाटीपुरा एक्सप्रेस
विधायक सरयू राय ने ट्रेनों की लेटलतीफी पर उठाए सवाल
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के रेल यात्रियों का लंबे समय से इंतजार सोमवार को नई रेल सेवा की शुरुआत के साथ पूरा हुआ। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संतरागाछी–खाटीपुरा (जयपुर) साप्ताहिक एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई, जबकि टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सांसद विद्युत वरण महतो ने फूलों से सजी ट्रेन को रवाना किया। टाटानगर से जयपुर के लिए सीधा रेल संपर्क मिलने से जमशेदपुर और आसपास के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

करीब 1,677 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन टाटानगर, चांडिल, पुरुलिया, रांची समेत मार्ग के प्रमुख स्टेशनों को जोड़ेगी। नियमित परिचालन के तहत ट्रेन संख्या 18061 संतरागाछी से 4 नवंबर और ट्रेन संख्या 18062 खाटीपुरा से 6 नवंबर 2026 को अपनी यात्रा शुरू करेगी। नई ट्रेन की सौगात के बीच जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी पर रेल प्रबंधन को घेरा और समस्या का समाधान नहीं होने पर हाईकोर्ट जाने की चेतावनी दी। इस तरह टाटानगर में नई रेल कनेक्टिविटी की शुरुआत के साथ समयबद्ध परिचालन का सवाल भी चर्चा के केंद्र में रहा।
Santragachi Khatipura Weekly Express के Tatanagar में ठहराव की जानें टाइमिंग
दक्षिण पूर्व रेलवे ने संतरागाछी और राजस्थान के खाटीपुरा के बीच नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 18061 संतरागाछी–खाटीपुरा साप्ताहिक एक्सप्रेस का परिचालन 4 नवंबर 2026 से शुरू होगा, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 18062 खाटीपुरा–संतरागाछी साप्ताहिक एक्सप्रेस 6 नवंबर 2026 से चलेगी। रेलवे के अनुसार, नई ट्रेन में आधुनिक एलएचबी कोच लगाए जाएंगे और इसका ठहराव टाटानगर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा।

रेलवे बोर्ड के पत्र संख्या 2026/CHG/16/SER/47 (CC-140/2026), दिनांक 6 मई 2026 के संदर्भ में जारी परिचालन विवरण के अनुसार, ट्रेन संख्या 18061 प्रत्येक बुधवार को संतरागाछी से दोपहर 2:15 बजे रवाना होगी। खड़गपुर में इसका ठहराव निर्धारित है। ट्रेन शाम 5.37 बजे टाटानगर पहुंचेगी और शाम 5.45 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इसके बाद चांडिल, पुरुलिया, कोटशिला, मूरी और रांची सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए आगे बढ़ेगी।
ट्रेन गुरुवार को लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम और भभुआ रोड होते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद न्यू वेस्ट केबिन, मिर्जापुर, प्रयागराज जंक्शन, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, इदगाह आगरा, खेरली, मंडावर महवा रोड, बांदीकुई जंक्शन और दौसा होते हुए खाटीपुरा पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 18062 प्रत्येक शुक्रवार को खाटीपुरा से सुबह 9:15 बजे रवाना होगी। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, शनिवार को ट्रेन टाटानगर दोपहर 3:20 बजे पहुंचेगी और 3:25 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद चांडिल और खड़गपुर होते हुए संतरागाछी पहुंचेगी।
टाटानगर से राजस्थान तक सफर होगा आसान
इस ट्रेन के शुरू होने से टाटानगर और आसपास के यात्रियों को राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित खाटीपुरा तक रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा। साथ ही झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के कई शहरों के यात्रियों को भी इस सेवा से लाभ मिलने की उम्मीद है। ट्रेन के मार्ग में प्रमुख धार्मिक, औद्योगिक और व्यावसायिक केंद्रों के स्टेशन शामिल हैं।
22 एलएचबी कोचों की होगी संरचना
रेलवे के जारी दस्तावेज में ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच प्रस्तावित हैं। इनमें प्रथम वातानुकूलित श्रेणी का एक, द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी के दो, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के चार, तृतीय वातानुकूलित इकोनॉमी के दो, स्लीपर श्रेणी के छह, सामान्य श्रेणी के चार, एक पैंट्री कार और एक लगेज-कम-जनरेटर-कम-ब्रेक वैन शामिल हैं। दस्तावेज में दिव्यांगजन कोच का भी उल्लेख है।
ट्रेन का परिचालन इलेक्ट्रिक इंजन से होगा। इसके रखरखाव की जिम्मेदारी पीएम-एसआरसी के साथ आरबीपीसी को दी गई है। रेलवे के दस्तावेज के अनुसार, ट्रेन में टाटानगर, रांची, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, प्रयागराज और गोविंदपुरी में खानपान की व्यवस्था का उल्लेख है। वहीं, सीटीएस सुविधा के लिए टाटानगर, रांची और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन सूचीबद्ध हैं।
एक नजर में जाने प्रमुख स्टेशनों के ठहराव का समय
1. ट्रेन संख्या 18061: संतरागाछी–खाटीपुरा एक्सप्रेस
संतरागाछी से प्रस्थान: बुधवार, दोपहर 2:15 बजे
खड़गपुर: आगमन 3:50 बजे, प्रस्थान 3:55 बजे
टाटानगर: आगमन शाम 5:37 बजे, प्रस्थान 5:45 बजे
चांडिल: आगमन शाम 6:18 बजे, प्रस्थान 6:23 बजे
पुरुलिया: आगमन शाम 7:38 बजे, प्रस्थान 7:40 बजे
मूरी: आगमन रात 8:33 बजे, प्रस्थान 8:35 बजे
रांची: आगमन रात 10:50 बजे, प्रस्थान 11:05 बजे
खाटीपुरा पहुंचने का समय: गुरुवार रात 11 बजे
2. ट्रेन संख्या 18062: खाटीपुरा–संतरागाछी एक्सप्रेस
खाटीपुरा से प्रस्थान: शुक्रवार, सुबह 9:15 बजे
टाटानगर: आगमन शनिवार, दोपहर 3:05 बजे, प्रस्थान 3:10 बजे
चांडिल: आगमन दोपहर 1:33 बजे, प्रस्थान 1:35 बजे
खड़गपुर: आगमन शाम 5:50 बजे, प्रस्थान 5:55 बजे
संतरागाछी पहुंचने का समय: शनिवार शाम 7:45 बजे

































