कोयंबटूर में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में दिखाएंगे इंजीनियरिंग कौशल
16 सदस्यीय टीम को BITSAI और KTMPL का सहयोग
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
धनबाद के सिंदरी स्थित बिरसा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT), सिंदरी के SAE INDIA क्लब की 16 सदस्यीय टीम SPITFIRE तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित होने वाली Formula Kart Design Challenge (FKDC) में भाग लेगी। प्रतियोगिता में टीम अपने तकनीकी कौशल, नवाचार और गो-कार्ट डिजाइन एवं निर्माण की क्षमताओं का प्रदर्शन करेगी।
टीम SPITFIRE का नेतृत्व कप्तान हर्ष राज कर रहे हैं। शुभम मोहंती टीम मैनेजर और प्रिंस कुमार महतो उप-कप्तान की भूमिका निभा रहे हैं। टीम के सदस्यों ने गो-कार्ट के डिजाइन, निर्माण और तकनीकी तैयारियों में योगदान दिया है। प्रतियोगिता के दौरान करण महतो गो-कार्ट चलाकर ट्रैक पर टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
BITSAI और KTMPL का मिला सहयोग
टीम की इस परियोजना को BITSAI (Birsa Institute of Technology Sindri Alumni Association) और KTMPL (Kalyaneswari Tasra Mining Private Limited) का सहयोग एवं प्रायोजन प्राप्त हुआ है। वहीं, फैकल्टी एडवाइजर प्रो. मनोज कुमार और असिस्टेंट प्रो. राजन कुमार ने टीम को तकनीकी मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन दिया है।
टीम ने प्रो. डॉ. प्रकाश कुमार और प्रो. डॉ. घनश्याम के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया है। टीम के अनुसार, उनकी पहल, मार्गदर्शन और सहयोग से प्रतियोगिता की तैयारियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण मदद मिली।
राष्ट्रीय मंच पर प्रतिभा दिखाने का अवसर
टीम SPITFIRE की इस भागीदारी को BIT सिंदरी के विद्यार्थियों के लिए अपनी तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच और मोटरस्पोर्ट्स के प्रति समर्पण प्रदर्शित करने का अवसर माना जा रहा है। टीम का लक्ष्य प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन करना है।


































