स्थानीय शिल्पकारों को मंच देने के उद्देश्य से रोट्रेक्ट क्लब ने किया वार्षिक मेले का आयोजन, खरीदारी के साथ लकी ड्रॉ का भी उठाया आनंद
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन के रोट्रेक्ट क्लब की ओर से कॉलेज परिसर में वार्षिक दिवाली मेले का शानदार आयोजन किया गया। पारंपरिक त्योहार की खुशियों और उत्साह से सराबोर इस मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय शिल्पकारों को मंच प्रदान करना और उनके हुनर को प्रोत्साहित करना था। मेले में विभिन्न प्रकार के हस्तशिल्प, सजावटी सामान, घरेलू उत्पाद और खाद्य पदार्थों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे।

मेले का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि जमशेदपुर महिला क्लब की अध्यक्ष रीना वेदागिरि, कॉलेज अध्यक्ष डॉ. बी. चंद्रशेखर, ललिता चंद्रशेखर, सचिव प्रिया धर्मराजन, सहसचिव सुधा दिलीप, प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल, मेंटर डॉ. जूही समर्पिता और उपप्राचार्या पामेला घोष दत्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया।
20 स्टॉलों पर दिखी शिल्प और रचनात्मकता की झलक
मेले में कुल 20 स्टॉल लगाए गए थे। इनमें रंग-बिरंगे दीये, मोमबत्तियां, रेजिना आर्ट, हैंडलूम उत्पाद, ज्वेलरी, आकर्षक कपड़े और खूबसूरत तोरण सहित दिवाली से जुड़े सजावटी सामान प्रदर्शित किए गए। आगंतुकों ने स्टॉलों पर पहुंचकर उत्पादों की खरीदारी की और स्थानीय शिल्पकारों एवं विक्रेताओं का उत्साहवर्धन किया।

हस्तशिल्प और सजावटी उत्पादों के अलावा मेले में घरेलू उत्पादों, चॉकलेट और विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर भी लोगों की रुचि देखने को मिली। आयोजन को और आकर्षक बनाने के लिए विशेष लकी ड्रॉ की व्यवस्था की गई, जिसका उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद लिया।
रोट्रेक्ट क्लब के सदस्यों की सराहना
कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. बी. चंद्रशेखर ने मेले के सफल आयोजन के लिए रोट्रेक्ट क्लब के सभी सदस्यों की सराहना की। इस आयोजन ने जहां लोगों को दिवाली की खरीदारी का अवसर दिया, वहीं स्थानीय शिल्पकारों और छोटे विक्रेताओं को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने तथा लोगों तक पहुंचाने के लिए एक मंच भी उपलब्ध कराया।


































