फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए बिरसानगर के डुंगरी टोला स्थित ओम नगर, रोड नंबर-दो के एक मकान में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल फोन, 102 एटीएम एवं डेबिट कार्ड और 67 सिम कार्ड समेत बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं। शुक्रवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।
ग्रामीण एसपी के अनुसार, आरोपी ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। इसके लिए वे ‘GET&ID’ नामक ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते थे। शुरुआत में लोगों को कम रकम लगाकर बड़ा इनाम जीतने का लालच दिया जाता था। जब लोग गेम में पैसे हार जाते थे, तो आरोपियों की ओर से उन्हें नुकसान की भरपाई कराने का भरोसा दिया जाता था। इसके लिए अगली बार बड़ी रकम लगाने के लिए प्रेरित किया जाता था।
पुलिस का आरोप है कि इसी तरीके से लोगों को बार-बार पैसे लगाने के लिए उकसाया जाता था और कथित तौर पर ठगी की रकम जुटाई जाती थी। इसके बाद इस रकम को अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित किया जाता था। बाद में एटीएम कार्ड के जरिए नकदी निकाली जाती थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
रामगढ़ साइबर थाना में दर्ज मामले से खुला नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, रामगढ़ साइबर अपराध थाना में दर्ज कांड संख्या 05/2026 की जांच के दौरान आरोपियों के बिरसानगर में सक्रिय होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जमशेदपुर साइबर थाना, बिरसानगर थाना और रामगढ़ साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने 29 अक्टूबर को बिरसानगर के डुंगरी टोला स्थित ओम नगर, रोड नंबर-दो के एक मकान के प्रथम तल पर छापेमारी की। इस दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले कई उपकरण और दस्तावेज जब्त किए।
भारी मात्रा में एटीएम कार्ड और सिम बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल फोन, 102 एटीएम एवं डेबिट कार्ड, 67 सिम कार्ड, नौ बैंक पासबुक, हिसाब-किताब की चार नोटबुक और रजिस्टर बरामद किए। इसके अलावा 8,440 रुपये नकद, एक वाईफाई राउटर, नेटवर्क केबल, चार्जर, एक मोटरसाइकिल और पहचान संबंधी दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, बैंक कार्ड और दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच में अलग-अलग बैंक खातों के इस्तेमाल, पैसों के लेन-देन और साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और ठगी की रकम कितनी है।


































