फतेह लाइव, रिपोर्टर।
टाटानगर स्टेशन जालियांवाला बाग एक्सप्रेस के परिचालन की बहाली की घोषणा से जमशेदपुर सहित कोल्हान की सिख संगत और आम रेल यात्रियों में खुशी की लहर है। ट्रेन को रद्द किए जाने के फैसले के खिलाफ सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC), जमशेदपुर के नेतृत्व में विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और आम यात्रियों ने एकजुट होकर आवाज उठाई थी। लगातार विरोध, ज्ञापन और रेल अधिकारियों तक अपनी मांग पहुंचाने के बाद अब दक्षिण पूर्व रेलवे ने ट्रेन के परिचालन को बहाल करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से 11 नवंबर 2026 को कोलकाता से जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि पहले रद्द घोषित की गई दोनों ट्रेनें अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलेंगी।
रेलवे की अधिसूचना के अनुसार, 18103 टाटानगर-अमृतसर एक्सप्रेस 2 दिसंबर 2026 से 24 फरवरी 2027 तक तथा 18104 अमृतसर-टाटानगर एक्सप्रेस 4 दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 तक अपने निर्धारित समय के अनुसार परिचालित होगी।
इस फैसले को CGPC और सिख संगत के सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। ट्रेन की बहाली की मांग को लेकर CGPC ने रेलवे के उच्च अधिकारियों, मंडल रेल प्रबंधक (DRM) और रेल मंत्रालय तक अपनी आवाज पहुंचाई थी। रेल मंत्री को भी सोशल मीडिया के माध्यम से मामले की गंभीरता से अवगत कराया गया था। CGPC ने स्पष्ट किया था कि यदि ट्रेन का परिचालन बहाल नहीं किया गया तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
आंदोलन के दौरान DRM तरुण हुरिया ने स्वयं CGPC कार्यालय पहुंचकर प्रतिनिधियों और संगत की बात सुनी थी तथा इस दिशा में प्रयास करने का भरोसा दिया था।
CGPC प्रधान भगवान सिंह ने इस उपलब्धि पर रेल मंत्री और रेलवे के उच्च अधिकारियों के साथ DRM तरुण हुरिया का आभार जताया है। साथ ही सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के प्रधानों, पदाधिकारियों, सेवादारों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और सहयोग करने वाले लोगों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया है।
कमेटी ने विशेष रूप से आम संगत और यात्रियों का आभार जताते हुए कहा कि यह किसी एक व्यक्ति या संस्था की जीत नहीं, बल्कि सामूहिक एकजुटता और निस्वार्थ प्रयासों का परिणाम है। इस संघर्ष ने साबित किया है कि जनहित के मुद्दों पर समाज एकजुट होकर अपनी मांग मजबूती से रखे तो सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं। CGPC ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जहां जनता और संगत के अधिकारों का सवाल होगा, कमेटी उनके साथ खड़ी रहेगी।


































