गुमटी के पीछे बने कमरे में छिपाकर रखी गई थी शराब, संचालक गणेश महतो गिरफ्तार; उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब की खरीद-बिक्री और पिलाने के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कमलपुर थाना क्षेत्र के बंकुचिया मोड़ पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने एक गुमटी के पीछे बने कमरे से विभिन्न ब्रांड की 10 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से गुमटी संचालक गणेश महतो को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम बंकुचिया स्थित बंकुचिया मोड़ पर गणेश महतो अपनी गुमटी में अवैध रूप से शराब की खरीद-बिक्री कर रहा है। साथ ही वहां शराबियों को बैठाकर शराब भी पिलाई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कमलपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने 10 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे बंकुचिया मोड़ स्थित गुमटी में छापेमारी की। तलाशी के दौरान गुमटी के पीछे बने कमरे से विभिन्न ब्रांड की कुल 10 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने जब गुमटी संचालक गणेश महतो से शराब के भंडारण और बिक्री से संबंधित लाइसेंस एवं वैध दस्तावेजों की मांग की, तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तारी सूची तैयार कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में कमलपुर थाना कांड संख्या 21/2026, दिनांक 10 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 275/292 एवं उत्पाद अधिनियम 1915 की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


































