नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन और संस्थागत मूल्यों से कराया गया परिचित
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन में शैक्षणिक सत्र 2026-28 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का शुभारंभ उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षण पद्धतियों, अनुशासन, संस्थागत मूल्यों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक परिवेश से परिचित कराना और उनकी नई शैक्षणिक यात्रा को सहज बनाना है।

इस अवसर पर चेयरपर्सन डॉ. बी. चंद्रशेखर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र को समर्पित शिक्षकों का निर्माण करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों को समझने और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
प्रेसिडेंट (एडमिनिस्ट्रेशन) श्रीमती ललिता चंद्रशेखर ने प्रबंधन की सकारात्मक सोच एवं दृष्टिकोण को साझा करते हुए कहा कि महाविद्यालय से श्रेष्ठ शिक्षक तैयार होकर निकलते हैं। वहीं, डॉ. जूही समर्पिता ने कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय के श्रेष्ठ प्रशिक्षण महाविद्यालयों में डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन की अपनी विशिष्ट पहचान है। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थी विभिन्न अच्छे विद्यालयों में शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कॉलेज के अनुशासन एवं कोड ऑफ कंडक्ट की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन गायत्री कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उप-प्राचार्या श्रीमती पामेला घोष दत्ता ने किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में सोलर पैनल का विधिवत उद्घाटन भी किया गया। इसका उद्घाटन चेयरपर्सन श्रीमती ललिता चंद्रशेखर एवं प्रेसिडेंट डॉ. बी. चंद्रशेखर ने संयुक्त रूप से किया। सोलर पैनल की स्थापना स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति महाविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय की सचिव श्रीमती श्रीप्रिया धर्मराजन, सह-सचिव श्रीमती सुधा दिलीप, डॉ. जूही समर्पिता, प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल एवं उप-प्राचार्या श्रीमती पामेला घोष का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। महाविद्यालय के शिक्षकगण, कार्यालयीन कर्मचारी एवं सहयोगी कर्मियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम और सोलर पैनल की स्थापना को महाविद्यालय के शैक्षणिक विकास, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार तथा पर्यावरण अनुकूल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


































