फतेह लाइव, रिपोर्टर.
भारतीय मजदूर संघ झारखंड प्रदेश, जमशेदपुर विभाग के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन बुधवार, 13 अगस्त 2026 को यूसीआईएल तुरामडीह सामुदायिक भवन में आयोजित किया गया। सम्मेलन का संचालन विभाग प्रमुख जमशेदपुर अभिमन्यु सिंह ने किया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री बी. सुरेंद्रम, क्षेत्रीय संगठन मंत्री धर्मदास शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष बलिराम यादव, प्रदेश महामंत्री राजीव रंजन सिंह तथा अखिल भारतीय खनिज धातु महासंघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर पंडित प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, भगवान विश्वकर्मा एवं श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मंचासीन पदाधिकारियों का पुष्प एवं अंगवस्त्र देकर सम्मान किया। सम्मेलन में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां जिले से भारतीय मजदूर संघ के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय संगठन मंत्री बी. सुरेंद्रम ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए चार लेबर कोड पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ चारों लेबर कोड में से दो को मजदूर हित में तथा दो को मजदूर हित के विपरीत मानता है। मजदूर हित के विपरीत प्रावधानों का भारतीय मजदूर संघ लगातार विरोध करता रहा है।
उन्होंने बताया कि आगामी 17 अगस्त को देशभर के जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री एवं श्रम मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मजदूरों से जुड़ी विभिन्न मांगों को उठाया जाएगा।
ये है संगठन की प्रमुख मांगें
– ईपीएस-95 के अंतर्गत आने वाले पेंशनधारियों की न्यूनतम पेंशन 1,000 रुपये से बढ़ाकर 7,500 रुपये की जाए तथा उन्हें आयुष्मान चिकित्सा योजना से जोड़ा जाए।
– समान काम के लिए समान वेतन लागू किया जाए।
– बोनस की सीलिंग बढ़ाकर 18,000 रुपये की जाए।
– बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू किया जाए।
– ग्रेच्युटी की सीमा बढ़ाकर 40 लाख रुपये की जाए।
– श्रम कानूनों से मजदूर विरोधी प्रावधान हटाए जाएं।
– ESIC की वेतन सीमा 21,000 रुपये से बढ़ाकर 42,000 रुपये की जाए।
– न्यूनतम मजदूरी 30,000 रुपये प्रतिमाह निर्धारित की जाए।
– योजना कर्मियों का मानदेय बढ़ाया जाए।
इनका रहा सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में यूरेनियम मजदूर संघ जादूगोड़ा के अध्यक्ष आनंद महतो, महामंत्री मुकेश कुमार, संयुक्त मंत्री उपेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कुमार एवं उज्ज्वल दास, पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष अनिमेष कुमार दास, कार्यकारी अध्यक्ष वॉइ शुक्ला, सरायकेला जिला अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला मंत्री केश्वर मिश्रा, पश्चिमी सिंहभूम कार्यकारी अध्यक्ष राम प्रकाश दास सहित अन्य कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









































