फतेह लाइव, रेपोर्टर।
लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए शहर के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जुगसलाई, बागबेड़ा और जमशेदपुर क्षेत्र में राहत एवं बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए कई शेल्टर तैयार किए गए हैं और वहां कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
जुगसलाई में चार शेल्टर तैयार
जुगसलाई क्षेत्र में नदी किनारे स्थित गरीब नवाज कॉलोनी, मिल्लत नगर, इस्लामनगर का निचला हिस्सा, शिव घाट रोड का निचला हिस्सा और एमई स्कूल रोड का निचला हिस्सा बाढ़ की चपेट में है। स्थिति को देखते हुए ईदगाह मैदान स्थित नसीम मैरिज हॉल, कब्रिस्तान हॉल, बालक मध्य विद्यालय, एमई स्कूल रोड और महेश्वरी मंडल एमई स्कूल रोड को शेल्टर के तौर पर तैयार किया गया है। बाढ़ प्रभावित लोगों की देखरेख और राहत कार्यों के लिए 14 कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
बागबेड़ा में दो शेल्टर, 13 कर्मचारी तैनात
बागबेड़ा इलाके में नया बस्ती, बाबा कुटी, बड़ौदा घाट, गणेश नगर और शिव नगर के कई हिस्से बाढ़ से प्रभावित हैं। यहां सरस्वती शिशु मंदिर, डीबी रोड और पश्चिम बागबेड़ा पंचायत भवन को शेल्टर के रूप में तैयार किया गया है। प्रभावित लोगों की सहायता और देखरेख के लिए 13 कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
बाढ़ पीड़ितों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार और सहायक गोदाम प्रबंधक बबलू नामता को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से राहत सामग्री और खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।
जेएनएसी ने तैयार किए 14 शेल्टर
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए विभिन्न इलाकों में 14 शेल्टर तैयार किए हैं। शास्त्री नगर, भुइयांडीह, कान्हू भट्ठा, बाबूडीह, बागुनहातु, रूपनगर समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ प्रभावित लोगों की देखरेख के लिए 42 अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
विशेष पदाधिकारी तर्निश कुमार हंस, विश्वजीत महतो और मुकेश कुमार को विशेष अधिकारी बनाया गया है। वहीं नगर मिशन प्रबंधक सलिल तिर्की, जितेंद्र कुमार, सहायक अभियंता अजय स्वांसी, नगर प्रबंधक जोय गुड़िया, प्रकाश साहू, सागर हांसदा और ज्योतिपुंज को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन स्थानों पर बनाए गए शेल्टर
सरदार माधव सिंह विद्यालय साउथ पार्क, करीमिया स्कूल, शास्त्री नगर महिला ट्रेनिंग सेंटर, हिंद क्लब, निर्मल सेवा सदन शास्त्री नगर, बाल्डविन स्कूल, ईसीसी फ्लैट हाउस, फुटबॉल मैदान भवन, निर्मल महतो सामुदायिक भवन, कौशल विकास भवन, भारत सेवा श्रम विकास भवन, बागुनहातु चौक और डीएवी पब्लिक स्कूल पटेल नगर भुइयांडीह को शेल्टर के रूप में तैयार किया गया है।
प्रशासन ने बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित शेल्टर में जाने की अपील की है। राहत एवं बचाव व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को लगातार स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।









































