फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में सावन माह के पावन अवसर पर भगवान शिव की आराधना एवं भक्ति को समर्पित भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन 23 अगस्त 2026, रविवार को किया जाएगा। श्री श्री नीलकंठेश्वर हनुमान मंदिर, महाराजा अग्रसेन मार्ग, साकची एवं मारवाड़ी समाज, काशीडीह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कावड़ यात्रा को मारवाड़ी सम्मेलन की विभिन्न शाखाओं का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है।
कावड़ यात्रा का शुभारंभ रविवार सुबह 7 बजे स्वर्णरेखा नदी तट, मानगो से होगा। शिवभक्त स्वर्णरेखा नदी से पवित्र जल उठाकर कावड़ के साथ साकची स्थित श्री श्री नीलकंठेश्वर हनुमान मंदिर पहुंचेंगे। मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के बाद श्रद्धालु भव्य महाआरती में शामिल होंगे। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
₹101 के सहयोग से मिलेगा कावड़ यात्रा का कूपन
आयोजकों ने बताया कि कावड़ यात्रा में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कावड़ उठाने वाले भक्तों के लिए ₹101 की सहयोग राशि निर्धारित की गई है। यात्रा में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालु सहयोग राशि देकर कूपन प्राप्त कर सकते हैं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कूपन उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुटेंगे शिवभक्त
कावड़ यात्रा में साकची-काशीडीह के अलावा बिष्टुपुर, जुगसलाई, मानगो, गोलमुरी, सोनारी, भालूबासा, सीतारामडेरा, आदित्यपुर, गम्हरिया, कदमा, टेल्को, हल्दीपोखर, सुंदरनगर, जादूगोड़ा, बारीडीह एवं परसुडीह सहित जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है।
गेरुआ वस्त्र में शामिल होने का आग्रह
आयोजन समिति ने शिवभक्तों से परिवार एवं मित्रों के साथ अधिक से अधिक संख्या में कावड़ यात्रा में शामिल होने की अपील की है। श्रद्धालुओं से विशेष रूप से गेरुआ वस्त्र धारण कर यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया गया है, ताकि पूरा वातावरण शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आए।
भक्ति के साथ सामाजिक एकता का संदेश
आयोजकों ने कहा कि कावड़ यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में भाईचारा, सामाजिक एकता, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। सावन के पावन अवसर पर भगवान शिव की आराधना के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों एवं समाज के लोगों को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ निकलने वाली कावड़ यात्रा जमशेदपुर में शिवभक्ति और सामाजिक समरसता का भव्य संदेश देगी। आयोजक मंडल ने सभी शिवभक्तों से 23 अगस्त को सुबह 7 बजे स्वर्णरेखा नदी तट, मानगो पहुंचकर कावड़ यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया है।









































