टिनप्लेट यूनियन महिला महाविद्यालय में छात्राओं ने प्रस्तुत किए नवाचार से जुड़े मॉडल और प्रोजेक्ट, निर्णायक मंडल ने प्रतिभा के आधार पर चुने विजेता
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के टिनप्लेट यूनियन महिला महाविद्यालय में छात्राओं की वैज्ञानिक प्रतिभा, रचनात्मक सोच और नवाचार को मंच देने के उद्देश्य से विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। टिनप्लेट यूनियन एजुकेशनल ट्रस्ट एवं टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शनी में छात्राओं ने एक से बढ़कर एक वैज्ञानिक मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

प्रदर्शनी के दौरान छात्राओं ने अपने तैयार किए गए मॉडलों की कार्यप्रणाली, वैज्ञानिक आधार और उनकी उपयोगिता को अतिथियों के समक्ष विस्तार से समझाया। छात्राओं के नवाचार, आत्मविश्वास और प्रस्तुति ने कार्यक्रम को खास बना दिया। इस आयोजन के माध्यम से छात्राओं को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर विज्ञान को व्यावहारिक रूप में समझने और अपनी कल्पनाशीलता को साकार करने का अवसर मिला।
विशेषज्ञों ने किया मॉडलों का मूल्यांकन
प्रदर्शनी में निर्णायक मंडल के रूप में को-ऑपरेटिव कॉलेज के भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रकाश सरकार एवं रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष राजेश कुमार उपस्थित रहे। दोनों विशेषज्ञों ने छात्राओं के मॉडलों का बारीकी से मूल्यांकन किया। वैज्ञानिक समझ, रचनात्मकता, मॉडल की उपयोगिता और प्रस्तुति के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए प्रतिभागियों का चयन किया गया। अन्य प्रतिभाशाली छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए।
यूनियन और महाविद्यालय प्रबंधन ने किया उद्घाटन
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, टाटा मेन हॉस्पिटल (टिनप्लेट डिवीजन) के प्रमुख कीर्ति भूषण, महाविद्यालय के सचिव परविंदर सिंह सोहल, यूनियन के महासचिव मनोज कुमार सिंह, उपाध्यक्ष साई बाबू राजू एवं महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता स्वैन ने संयुक्त रूप से किया।

निर्णायक मंडल द्वारा चयनित विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। वहीं, आने वाले दिनों में सभी विजेताओं को प्रोत्साहन स्वरूप मोमेंटो एवं नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
शिक्षिकाओं के प्रयास से सफल हुआ आयोजन
विज्ञान प्रदर्शनी को सफल बनाने में महाविद्यालय की विज्ञान संकाय की शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। इनमें श्रीमती आभा सिंह, सुमिती मालाकार एवं निवेदिता कुमारी सहित अन्य सहयोगी शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके परिश्रम, समर्पण और कुशल संयोजन से कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन के सदस्य संजय कुमार सिंह, सग्राम किशोर दास, विनय कुमार सिंह, अमृत कुमार झा, निरंजन महापात्र, नवजोत सिंह सोहल सहित महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, यूनियन एवं ट्रस्ट के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, आत्मविश्वास और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देना था। प्रदर्शनी ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ विज्ञान के क्षेत्र में नए प्रयोग करने और भविष्य की संभावनाओं को तलाशने का अवसर प्रदान किया।


































