एक साल से चल रहा था शादीशुदा महिला और चार बच्चों के पिता का प्रेम-प्रसंग, होटल में दोनों को साथ देखकर परिजनों ने पकड़ा; ग्रामीणों की मौजूदगी में हुई शादी
फतेह लाइव, रिपाेर्टर।
बिहार के जहानाबाद जिले से प्रेम-प्रसंग का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। एक शादीशुदा महिला को टेंपो चलाने वाले युवक से प्यार हो गया। खास बात यह है कि युवक भी शादीशुदा है और चार बच्चों का पिता बताया जा रहा है। दोनों के बीच करीब एक साल से चोरी-छिपे मुलाकातों का सिलसिला चल रहा था। आखिरकार मंगलवार को दोनों को मसौढ़ी के एक होटल में साथ पकड़ा गया।
मामला जहानाबाद के कड़ौना थाना क्षेत्र से जुड़ा है। चिड़ैयाटांड़ (सेवनन) गांव निवासी विजेंद्र कुमार की पत्नी काजल कुमारी और पटना जिले के भगवानगंज थाना क्षेत्र के रौनिया बारा गांव निवासी रणधीर चौधरी के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। रणधीर टेंपो चालक है और उसके चार बच्चे हैं, जबकि काजल एक बच्चे की मां बताई जा रही है।
टेंपो की सवारी के दौरान शुरू हुई प्रेम कहानी
बताया जाता है कि करीब एक साल पहले काजल रणधीर के टेंपो में सवार हुई थी। इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई और धीरे-धीरे बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। दोनों ने एक-दूसरे का मोबाइल नंबर लिया। इसके बाद बातचीत बढ़ती गई और कथित तौर पर दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया।
दोनों अपने-अपने परिवार से छिपकर मिलते रहे। लेकिन मंगलवार को यह राज उस समय खुल गया, जब दोनों मसौढ़ी के एक होटल में एक साथ मिले।
शक हुआ तो परिजनों ने किया पीछा
जानकारी के अनुसार काजल का पति बाहर रहकर काम करता है। इसी बीच उसके ससुराल वालों को रणधीर के साथ उसके संबंधों को लेकर शक होने लगा था। मंगलवार को जब काजल घर से निकली तो परिजनों ने उसका पीछा किया। पीछा करते हुए वे मसौढ़ी के एक होटल तक पहुंचे, जहां दोनों एक कमरे में मौजूद मिले। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और उन्हें गांव ले आए।
गांव में ही करा दी गई शादी
होटल से पकड़े जाने के बाद दोनों को चिरैयाटांड़ गांव लाया गया। वहां ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में दोनों की शादी करा दिए जाने की बात सामने आई है। इस दौरान रणधीर की पहली पत्नी भी अपने चार बच्चों के साथ मौके पर मौजूद थी। पति को दूसरी महिला के साथ शादी करते देख वह भावुक हो गई और रो पड़ी। मंगलवार देर शाम तक प्रेमी जोड़े को कड़ौना थाना लाया गया था। उनके कुछ रिश्तेदार भी थाने में मौजूद थे। कड़ौना थानाध्यक्ष जगन्नाथ पासवान के अनुसार, मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोनों ने पूछताछ के दौरान एक-दूसरे के साथ रहने की बात कही है। घटना के बाद से इलाके में यह प्रेम प्रसंग और उसके बाद हुई शादी चर्चा का विषय बनी हुई है।




































