3 दिन के आश्वासन के बाद भी नहीं लौटी रश्मि, पुलिस-प्रशासन से मदद लेने की बनी सहमति
फ़तेह लाइव, रिपोर्टर।
गालूडीह पंचायत भवन में पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा गठित पंचायत समिति एवं गालूडीह मारवाड़ी सम्मेलन के गणमान्य सदस्यों की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण सामाजिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में गालूडीह निवासी विमल अग्रवाल की पत्नी रश्मि अग्रवाल के अपने परिचित रॉकी शर्मा के साथ गहने-जेवरात लेकर फरार हो जाने से जुड़े पारिवारिक विवाद पर विस्तार से चर्चा की गई।

बताया गया कि रश्मि अग्रवाल अपने पति विमल अग्रवाल के घर से जेवरात-आभूषण एवं नकद लगभग दो लाख रुपये लेकर रॉकी शर्मा के साथ चली गईं। इस मामले को लेकर परिवार द्वारा सामाजिक स्तर पर विवाद के समाधान का प्रयास किया जा रहा था।
इसी क्रम में 13 अगस्त 2026 को भी समाज की बैठक आयोजित हुई थी। उस बैठक में रॉकी शर्मा के भाई दीपू शर्मा एवं शिपू शर्मा समाज के समक्ष उपस्थित हुए थे। दोनों ने समाज के गणमान्य लोगों के सामने आश्वासन दिया था कि तीन दिनों के भीतर रॉकी शर्मा रश्मि अग्रवाल को लेकर वापस आएंगे और दोनों को समाज के समक्ष उपस्थित किया जाएगा।
इसी आश्वासन के आधार पर समाज ने तीन दिनों तक इंतजार किया। लेकिन निर्धारित समय में रॉकी शर्मा एवं रश्मि अग्रवाल के वापस नहीं आने पर पुनः सामाजिक बैठक बुलाई गई।
आज की बैठक में रॉकी शर्मा के पिता नरेश शर्मा तथा उनके दोनों भाई दीपू शर्मा एवं शिपू शर्मा उपस्थित हुए। समाज के सदस्यों ने पूर्व में दिए गए आश्वासन के संबंध में जानकारी मांगी। इस पर रॉकी शर्मा के परिजनों ने दोनों की वापसी के लिए 10 दिन का अतिरिक्त समय मांगा। रॉकी शर्मा के परिजनों के असहयोगात्मक रवैया को देखते हुए, आगे की कार्यवाही हेतु पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप की आवश्यकता महसूस की गई।
बैठक की अध्यक्षता गालूडीह शाखा के अध्यक्ष श्रवण अग्रवाल ने की। इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष मुकेश मित्तल, पंचायत समिति के पदाधिकारी प्रदीप कुमार मिश्रा, सुरेश कुमार अग्रवाल, श्रीराम सरोज एवं विप्र फाउंडेशन के जिला महासचिव राजेश शर्मा सहित गालूडीह मारवाड़ी समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
समाज के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सामाजिक स्तर पर विवाद को सुलझाने के लिए हरसंभव प्रयास किया गया, लेकिन बार-बार समय बढ़ाए जाने के कारण अब मामले में पुलिस प्रशासन की भूमिका आवश्यक हो गई है। बैठक के उपरांत जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने ग्रामीण आरक्षी अधीक्षक सुभम कुमार खंडेलवाल से संपर्क साधा और पूरी घटना से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। ग्रामीण आरक्षी अधीक्षक ने भी पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में शैलेश अग्रवाल, अरुण कुमार अग्रवाल, गोपाल कुमार अग्रवाल, अमित अग्रवाल, राज कुमार अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, अजय कुमार अग्रवाल, विमल अग्रवाल, दीपक कुमार झुनझुनवाला, एन.पी. शर्मा सहित समाज के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।









































