कदमा आंध्रा स्कूल सभागार में तृतीय झारखंड स्टेट योगासना स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का उद्घाटन
दिव्यांग बच्चों की ‘स्टार कैटेगरी’ और ‘मॉम्स कैटेगरी’ रही आकर्षण का केंद्र
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में वर्ल्ड फिटनेस फेडरेशन ऑफ योगासना स्पोर्ट्स (डब्ल्यूएफएफवाईएस), झारखंड चैप्टर एवं सरकार योगा एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को तृतीय झारखंड स्टेट योगासना स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया. कदमा गणेश पूजा मैदान के समीप स्थित आंध्रा एसोसिएशन स्कूल के सभागार में आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्यभर से 5 वर्ष से लेकर 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतियोगिता में कुल 12 आयु वर्ग बनाए गए थे. आयोजन का मुख्य आकर्षण दिव्यांग बच्चों के लिए आयोजित ‘स्टार कैटेगरी’ तथा महिलाओं के लिए विशेष ‘मॉम्स कैटेगरी’ रहा. सभी वर्गों में महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने योगासनों की उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया.

कार्यक्रम का उद्घाटन जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय, सामाजिक कार्यकर्ता आलोक मल्होत्रा एवं आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज सत्यनारायण ने किया. सरयू राय ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली का आधार है. उन्होंने कहा कि सरकार योगा एकेडमी ने जमशेदपुर ही नहीं बल्कि पूरे राज्य में योग को नई पहचान दिलाने का कार्य किया है. उन्होंने कहा कि आज योग भारत की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है.
विशिष्ट अतिथि आलोक मल्होत्रा ने कहा कि वर्तमान दौर में युवाओं और बच्चों को मोबाइल एवं तनावपूर्ण जीवनशैली से दूर रखने के लिए योग अत्यंत आवश्यक है. मनोज सत्यनारायण ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और युवाओं को इससे जोड़ना समय की आवश्यकता है. ब्रह्माकुमारीज़ की संजू बहन ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. वहीं सीबीएमडी के मनोज सिंह एवं समाजसेवी मुन्ना सिंह ने भी प्रतियोगिता की सराहना करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया. कार्यक्रम का संचालन स्मिकी सरकार ने किया. प्रतियोगिता में प्रसाद नंदी मुख्य निर्णायक तथा गौरांग सरकार मुख्य पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे.
विजेताओं को नेशनल चैंपियनशिप का ‘टिकट’
डब्ल्यूएफएफवाईएस झारखंड चैप्टर के अध्यक्ष सह सरकार योगा एकेडमी के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय योगगुरु अंशु सरकार ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता के विजेताओं को आगामी 26 से 28 जून 2026 तक हरिद्वार, उत्तराखंड में आयोजित होने वाली नेशनल योगासना स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा. कहा कि राज्य के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और उचित मंच मिलने पर वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं. आयोजन के सफल संचालन में सरकार योगा एकेडमी के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.




