डीसी-एसएसपी ने भारी पुलिस बल के साथ किया औचक निरीक्षण, वार्ड से बैरक तक हुई सघन तलाशी
सीसीटीवी, मुलाकाती व्यवस्था और जेल के निगरानी तंत्र की भी हुई जांच, अधिकारियों ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के घाघीडीह मंडल कारा में सोमवार, 23 नवंबर को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण के साथ सघन छापेमारी अभियान चलाया। उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल के साथ पहुंचे अधिकारियों ने जेल की आंतरिक सुरक्षा, अनुशासन और प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य जेल के भीतर किसी भी तरह की अवैध एवं प्रतिबंधित गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना था।
वार्ड, बैरक और अस्पताल तक पहुंची अधिकारियों की टीम
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंडल कारा के विभिन्न वार्डों, बंदियों के आवासीय कक्षों, बैरकों, रसोईघर और अस्पताल समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सघन जांच की। बंदियों के सामान और उनके उपयोग में आने वाली वस्तुओं की भी बारीकी से तलाशी ली गई। इसके अलावा कारा परिसर के संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
सीसीटीवी और मुलाकाती व्यवस्था की भी समीक्षा
छापेमारी के दौरान जेल में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश और निकास व्यवस्था, मुलाकातियों की जांच प्रक्रिया तथा कारा के भीतर निगरानी तंत्र की स्थिति भी परखी गई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस संयुक्त औचक निरीक्षण में उपायुक्त राजीव रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी शामिल रहे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई को जेल की सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि जेल के भीतर प्रतिबंधित वस्तुओं और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण को महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रक्रिया माना जाता है।
स्टेशन रोड जाम को चीरते हुए निकला अधिकारियों का काफिला
देर शाम के करीब 8.30 बज रहे थे। उसके पूर्व दो तीन घंटे पहले ही स्टेशन रोड पूरा जुगसलाई पिगमेंट अंडरब्रिज तक लोग जाम से कराह रहे थे। वाहन रेंग रेंग कर आगे बढ़ रहे थे। मरता क्या नहीं करता वाली कहावत भी देखने को मिली, जहां जाम में वाहनों पर रेंगते हुए सवार अपने मोबाइल पर तस्वीरें और वीडियो कैद करने लगे। इसी बीच 8.30 बजे के करीब संकटा सिंह चौक से जुगसलाई की ओर से अधिकारियों का लंबा काफिला गुजरा। सायरन की गूंज से इलाका गूंज रहा था। पहले तो लोगों ने समझा कोई बड़े नेताजी जा रहे होंगे। इसलिए जाम के बीच से अंगरक्षक चीरते हुए काफिले को पास करवा रहे हैं। कुछ देर बाद लोग चर्चा करने लगे की कहीं कोई बड़ी घटना तो नहीं हुई। फिर जुगसलाई घोड़ा चौक पहुंचे शख्श ने तुका मारा जेल में छापामारी करने जा रहे होंगे?
बहरहाल, यह तो एक लाइव रिपोर्टिंग के हिस्से वाली बात हो गई, लेकिन शहर के वरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को अगर यह जाम नजर आया हो तो वे कोई जमीनी स्तर पर शहरवासियों को इससे मुक्ति देने पर जोर देंगे या फिर खाता बही में ही ये समस्याएं लकीरें बनकर रह जाएंगी, यह देखने वाली बात होगी। वैसे बता दें कि स्टेशन रोड में हर दिन जाम की यही स्थिति रहती है। अवैध पार्किंग तो इसकी मुख्य वजह है ही, साथ ही पुलिस की अनदेखी भी जाम जाम लगने का मुख्य कारण साबित हो रही है। इससे हर रोज जनता रेंग रही है।


































