फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा का सोमवार तड़के निधन हो गया। उन्होंने जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, शुभचिंतकों और परिचितों में शोक की लहर है। बेटे अर्जुन मुंडा ने मां के निधन पर सोशल मीडिया पर तड़के भावुक संदेश छोड़ा।
मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं…
तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ़ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि ज़िंदगी का वो सबसे मज़बूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था।
पूज्य माताजी का अंतिम संस्कार आज ही संपन्न किया जाएगा।
समय: दोपहर 1:00 बजे, घोड़ाबांधा, जमशेदपुर आवास से प्रस्थान।
स्थान: स्वर्णरेखा, बर्निंग घाट, जमशेदपुर।
लंबे समय से चल रहीं थी बीमार
सायरा मुंडा पिछले करीब डेढ़ से दो वर्षों से अस्वस्थ चल रही थीं। उम्र संबंधी परेशानियों के कारण उनका लंबे समय से घर पर ही इलाज किया जा रहा था। 15 नवंबर को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद से चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था।

मां की गंभीर स्थिति के बीच अर्जुन मुंडा लगातार उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित थे। कुछ समय पहले अस्पताल में मां के पास बैठकर बांसुरी बजाते हुए उनका एक भावुक वीडियो भी सामने आया था। वीडियो में मां बेटे को आशीर्वाद देती नजर आई थीं। इस दृश्य ने सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर दिया था।
लंबे समय से बीमारी से जूझ रहीं सायरा मुंडा के निधन से परिवार ने अपनी एक महत्वपूर्ण सदस्य को खो दिया है। सोमवार को ही उनका अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी है।


































