राजवंत कौर बोली – सुरेंद्र सिंह के आने के बाद से उत्पन्न हो रहा रोज नया विवाद, अब तक अमृतधारी भी नहीं बनें
फ़तेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के जुगसलाई गौरीशंकर रोड गुरुद्वारा में सिख स्त्री सत्संग सभा की प्रधानगी को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद अभी भी निर्णायक मोड़ पर नहीं पहुंचा है। दो दिन पूर्व गुरुद्वारा कमेटी की शह पर अमृत कौर गांधी को प्रधान चुनने की खबर वायरल होने के बाद शनिवार को दूसरे खेमे से राजवंत कौर रज्जी ने भी अपनी ताकत दिखाते हुए संगत के द्वारा प्रधान बनाए जाने का दावा किया था। इसके बाद गुरुद्वारा के प्रधान द्वारा उन्हें प्रधान मानने से इंकार किए जाने का बयान सामने आाया, जिसके बाद विवाद और गहरा गया। अंततः अब तक छन कर मिली खबरों के मुताबिक सभा में दोनों ही प्रधानें अमान्य हैं। सीजीपीसी ने अमृत कौर को नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए दो नंबर और राजवंत कौर के दशमेश कीर्तनी जत्थे के लिए छह नंबर आवंटित करते हुए साफ संदेश दिया है कि गुरुपर्व के मौके किसी तरह का विवाद खड़ा नहीं करना है। दोनों ही नगर कीर्तन में शामिल हो।
नियम के मुताबिक सर्वसम्मति वहीं मान्य होती है जहां दो चार लोग विरोध कर रहे हों, लेकिन यहां 60-40 फीसदी संगत दोनों ओर होने के दावे किए जा रहे हैं। अंततः गुरुपर्व के विशेष मौके के नजदीक होने को देखते हुए शनिवार को सीजीपीसी पहुंचे गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सुरेंद्र सिंह और अन्य को वरीय अधिकारियों ने दो टूक जवाब दिया है कि प्रकाश पर्व के बाद मामले को देखा जाएगा। ऐसे समय में अमृत कौर गांधी को प्रधान बनाने की प्रक्रिया करनी ही नहीं चाहिए थी, जबकि विवाद पहले से बढ़ा हुआ है। करीब तीन माह पूर्व यहां दो गुटों के विवाद को देखते हुए सीजीपीसी ने गुरुद्वारा क्षेत्र में सक्रिय राजवंत कौर रज्जी को एक महीने तक कार्यकारी प्रधान बनाते हुए आपस में समझौता करने का निर्देश दिया था। राजवंत कौर रज्जी का आरोप है कि जिस दिन अमृत कौर को प्रधान चुनने की प्रक्रिया हुई उस दिन वह बर्नपुर में थी।
ऐसे में यह साफ है कि गुरुद्वारा कमेटी और अमृत कौर गांधी समझौता चाहती ही नहीं। जबकि उन्होंने इस बीच कई बार समझौता कराने की पहल की, लेकिन दूसरे पक्ष का साथ नहीं मिला। सबसे बड़ी बात इसी विवाद को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से राजवंत कौर के पति हरदीप सिंह छनिया ने अपने महासचिव का पद त्याग दिया था। फिर भी कोई विशेष हल नहीं निकला। राजवंत कौर ने प्रधान सुरेंद्र सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे जब से प्रधान बने तबसे हर रोड एक नया विवाद उत्पन्न हो रहे हैं। प्रधान रोज एक नया तुगलकी फरमान जारी कर देते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रधान बने एक साल से ऊपर हो गया। तब उन्होंने संगत को भरोसा दिया था कि वह जल्द ही अमृत संचार करके गुरु के सिख बनेंगे, लेकिन आजतक उन्होंने अमृत संचार नहीं किया। यही नहीं उनकी टीम के 60 फीसदी से अधिक मेंबर गैर अमृतधारी है, जबकि अकाल तख्त का आदेश है कि प्रधान अमृतधारी ही होना चाहिए।



































