44 वर्षों की योग साधना और समर्पण को मिला अंतरराष्ट्रीय मंच, योग को ओलंपिक में शामिल कराना है लक्ष्य
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
अंतरराष्ट्रीय योग जगत में जमशेदपुर के योगगुरु अंशु सरकार ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कदमा स्थित सरकार योगा एकेडमी के संस्थापक एवं निदेशक तथा ‘योग सम्राट’ के नाम से पहचाने जाने वाले अंशु सरकार को वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ योगासना स्पोर्ट्स (WFYS) का सर्वसम्मति से वर्ल्ड प्रेसिडेंट मनोनीत किया गया है। उनकी इस नई जिम्मेदारी से अंतरराष्ट्रीय योग जगत में जमशेदपुर और देश को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
अंशु सरकार पिछले 44 वर्षों से योग साधना, प्रशिक्षण और इसके प्रचार-प्रसार में सक्रिय हैं। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग को बढ़ावा देने, योग प्रतियोगिताओं के आयोजन और उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में योगदान दिया है। योग के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव, समर्पण और कार्यों को देखते हुए उन्हें फेडरेशन की यह वैश्विक जिम्मेदारी सौंपी गई है।
योग के प्रति उनके योगदान को देखते हुए टाटा स्टील के पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय रतन टाटा भी उन्हें सम्मानित कर चुके हैं। अंशु सरकार ने टाटा स्टील में 12 वर्षों तक सेवा देने के बाद योग के क्षेत्र में पूरी तरह समर्पित होने के उद्देश्य से ऐच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी।
अंशु सरकार का अगला बड़ा लक्ष्य योग को ओलंपिक खेलों में शामिल कराने की दिशा में प्रयास करना है। इसके लिए वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योगासना प्रतियोगिताओं के आयोजन, खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने तथा योग को वैश्विक खेल पहचान दिलाने की दिशा में काम करेंगे।
उनके मनोनयन की खबर से शहर की सामाजिक एवं खेल संस्थाओं और शुभचिंतकों में खुशी है। विभिन्न संगठनों और लोगों की ओर से उन्हें बधाइयां दी जा रही हैं।


































