Breaking News
South Eastern Railway : झारसुगुड़ा यार्ड में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 68861/68862 मेमू पैसेंजर का परिचालन प्रभावित, बिलासपुर तक ही चलेंगी ट्रेनें Uttar Pradesh Politics : क्या अखिलेश यादव कांग्रेस से गठबंधन के नाम पर उसकी हैसियत तय करना चाहते हैं? Jamshedpur : गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर नगर कीर्तन के स्वागत में कांग्रेस ने लगाया सेवा शिविर, परविंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने की सेवा, देखें – Video Jamshedpur : गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर समाजसेविका चरणजीत कौर भाटिया ने लगाया सेवा शिविर Giridih : “नानक नाम जहाज है, चढ़े सो उतरे पार…” के जयकारों से गूंजा गिरिडीह, धूमधाम से मनाया गया गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व, संगत हुई निहाल Jamshedpur Big Dharmik Event : नगर कीर्तन में शामिल होने सोनारी गुरुद्वारा पहुंचे डीसी, संगत को बुलाई फतेह, देखें – Video
WhatsApp Image 2026-08-13 at 5.45.20 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 12.53.32
WhatsApp Image 2026-08-14 at 12.53.33 PM
WhatsApp Image 2026-08-13 at 5.45.21
WhatsApp Image 2026-08-14 at 12.53.32 PM
WhatsApp Image 2026-08-13 at 5.45.21 PM
WhatsApp Image 2026-08-13 at 5.45.21 P
WhatsApp Image 2026-08-13 at 5.56.39
WhatsApp Image 2026-08-14 at 12.53.50 PM
WhatsApp Image 2026-08-13 at 5.56.40 PM
WhatsApp Image 2026-08-13 at 5.57.06 PM
WhatsApp Image 2026-08-13 at 6.01.52 PM
WhatsApp Image 2026-08-13 at 6.01.53 PM
WhatsApp Image 2026-08-13 at 6.01.53
WhatsApp Image 2026-08-13 at 6.03.06 PM
WhatsApp Image 2026-08-13 at 6.03.20 PM
WhatsApp Image 2026-08-13 at 6.03.45 PM
WhatsApp Image 2026-08-13 at 6.03.46 PM
WhatsApp Image 2026-08-13 at 6.03.46

Uttar Pradesh Politics : क्या अखिलेश यादव कांग्रेस से गठबंधन के नाम पर उसकी हैसियत तय करना चाहते हैं?

SHARE:

कांग्रेस अपनी सीटों का हिसाब अखिलेश यादव को क्यों दे? क्या सपा सुप्रीमो गठबंधन के नाम पर कांग्रेस को अपने इशारे पर चलाना चाहते हैं? अजय राय और कांग्रेस का नेतृत्व क्या अपनी राजनीतिक हैसियत गिरवी रखकर सपा की शर्तें स्वीकार करेगा?

आनंद सिंह.

अभी समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक लंबा लेख लिखकर कांग्रेस के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में सीटों के तालमेल को लेकर अपनी रणनीति सामने रखी है। पहली नजर में यह विपक्षी एकता और भाजपा को हराने की अपील है, लेकिन लेख की बारीकियों में जाएं तो कई ऐसे सवाल खड़े होते हैं, जिनका जवाब अखिलेश यादव को देना चाहिए।

Gambhir Car Associate Motion Ads

अखिलेश ने कांग्रेस से कहा है कि जिन 26 सीटों पर बातचीत हो चुकी है, उनके अलावा अपनी प्राथमिकता वाली अन्य संभावित सीटों की सूची भेजे। इसके बाद दोनों दलों के बड़े नेता बैठकर तय करेंगे कि किस सीट पर कौन-सा उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है। उनका सुझाव है कि कठिन सीटों पर दोनों दल कम से कम दो उम्मीदवारों के नामों पर विचार करें और जीत की अधिक संभावना वाले प्रत्याशी को मैदान में उतारें। वह इसे सीटों का बंटवारा नहीं, बल्कि ‘सीट समायोजन’ कहते हैं।

लेकिन यहां सबसे बड़ा सवाल है कि अखिलेश यादव होते कौन हैं कांग्रेस से सीटों की सूची मांगने वाले? कांग्रेस कोई समाजवादी पार्टी की सहयोगी इकाई नहीं है और न ही उसका संगठन सपा के अधीन काम करता है। दोनों स्वतंत्र राजनीतिक दल हैं, जिनका अपना नेतृत्व, संगठन और राजनीतिक आधार है।

यदि कांग्रेस को अपनी प्राथमिकताओं की सूची देनी है तो समाजवादी पार्टी भी अपनी सूची कांग्रेस को दे। दोनों दलों के नेता बराबरी से बैठें और आपसी सहमति से फैसला करें। फिर यह व्यवस्था क्यों कि कांग्रेस अपनी सीटों का ब्योरा दे और समाजवादी पार्टी अपने आकलन से बताए कि कांग्रेस कहां चुनाव लड़े?

अखिलेश कहते हैं कि सूची मिलने के बाद बड़े नेता बैठकर चर्चा करेंगे। सवाल यह है कि उस बैठक में दोनों दल बराबर के साझेदार होंगे या कांग्रेस को पहले अपनी दावेदारी पेश करनी होगी और फिर सपा के चुनावी आकलन पर निर्भर रहना होगा?

कहीं अखिलेश यादव गठबंधन के नाम पर कांग्रेस को अपने राजनीतिक निर्देशों का पालन करने वाला सहयोगी तो नहीं बनाना चाहते? क्या कांग्रेस को बराबर का साझेदार बनाने के बजाय ‘चंपू’ बनाकर रखने की कोशिश हो रही है? यह सवाल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि लेख में कांग्रेस से अपेक्षाएं तो बहुत हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी की ओर से उसी अनुपात में अपनी सीटों और दावेदारियों पर पुनर्विचार करने की स्पष्ट पेशकश नहीं दिखाई देती।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के सामने भी यह बड़ा सवाल है। वह लंबे समय से प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हैं। वाराणसी में अपनी राजनीतिक जमीन और पहचान बनाने के लिए उन्होंने संघर्ष किया है। कांग्रेस के तमाम नेता और कार्यकर्ता भी प्रदेश में संगठन को मजबूत करने में लगे हैं। क्या वे अपनी सीटों और उम्मीदवारों का फैसला किसी दूसरे दल के अध्यक्ष के चुनावी आकलन पर छोड़ना स्वीकार करेंगे?

अजय राय और कांग्रेस नेतृत्व को यह तय करना होगा कि गठबंधन में सम्मानजनक भागीदारी का अर्थ क्या है। क्या कांग्रेस केवल उन्हीं सीटों पर चुनाव लड़ेगी जिन्हें समाजवादी पार्टी उसके लिए उपयुक्त समझेगी? गठबंधन करना अलग बात है और अपनी राजनीतिक हैसियत दूसरे दल के सामने गिरवी रख देना बिल्कुल अलग।

अखिलेश यादव को भी समझना होगा कि संख्या बल के आधार पर सहयोगी की राजनीतिक हैसियत तय नहीं की जा सकती। 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने मिलकर भाजपा को चुनौती दी और सफलता हासिल की। ऐसे में गठबंधन की सफलता का श्रेय केवल एक दल को नहीं दिया जा सकता। दोनों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भूमिका थी। फिर निर्णय लेने का अधिकार भी दोनों को बराबर मिलना चाहिए।

अखिलेश के लेख का दूसरा महत्वपूर्ण हिस्सा पीडीए है। वह चाहते हैं कि गठबंधन के सभी उम्मीदवारों को सपा या कांग्रेस प्रत्याशी के बजाय ‘पीडीए प्रत्याशी’ के रूप में प्रस्तुत किया जाए। पीडीए समाजवादी पार्टी की प्रमुख राजनीतिक पहचान बन चुका है और 2024 में इस नारे ने उसे व्यापक सामाजिक समर्थन जुटाने में मदद की। लेकिन क्या कांग्रेस अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान को इस अवधारणा में समाहित कर देगी? यदि पीडीए गठबंधन की साझा पहचान है तो उसके निर्माण और नेतृत्व में कांग्रेस की भी बराबर की भागीदारी होनी चाहिए।

अखिलेश यादव ने पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों को पीडीए से जोड़ने की बात कही है। लेकिन केवल सामाजिक नाराजगी से सरकार नहीं बनती। बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याएं, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिलाओं की सुरक्षा और छोटे कारोबारियों के सवालों पर दोनों दलों का साझा कार्यक्रम क्या होगा? लेख में इस पर कोई स्पष्ट चर्चा नहीं है। भाजपा को हराने की रणनीति तो है, लेकिन जनता को यह बताने का प्रयास नहीं है कि नई सरकार उसकी समस्याओं का समाधान कैसे करेगी।

एक और विरोधाभास उम्मीदवारों के चयन को लेकर है। अखिलेश कहते हैं कि गठबंधन में किसी पर उम्मीदवार नहीं थोपा जाना चाहिए और सभी फैसले सहमति से होने चाहिए। लेकिन यदि समाजवादी पार्टी अंतिम सहमति से पहले ही कुछ सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित करती है, तो कांग्रेस के सामने भी सवाल उठेंगे। सहमति का सिद्धांत दोनों दलों पर समान रूप से लागू होना चाहिए। केवल कांग्रेस से त्याग की अपेक्षा करना और अपनी दावेदारियों पर अड़े रहना बराबरी की साझेदारी नहीं है।

अखिलेश ने भावी प्रत्याशियों को भी समझाने की कोशिश की है कि टिकट नहीं मिलने पर निराश न हों। सरकार बनने पर सभी को सम्मान और स्थान मिलेगा। इसका अर्थ है कि दोनों दलों के भीतर टिकट को लेकर असंतोष की आशंका उन्हें भी दिखाई दे रही है। लेकिन वर्षों से चुनाव की तैयारी कर रहे कार्यकर्ताओं को केवल भविष्य में पद मिलने का भरोसा देकर पीछे हटाना आसान नहीं होगा।

दोनों दलों के संगठन को 806 सीटों के बराबर बताना भी ध्यान खींचता है। लेकिन संगठनों की संख्या जोड़ देने से चुनावी ताकत दोगुनी नहीं हो जाती। असली सवाल यह है कि क्या सपा का कार्यकर्ता कांग्रेस के उम्मीदवार को और कांग्रेस का कार्यकर्ता सपा के उम्मीदवार को अपना उम्मीदवार मानकर चुनाव लड़ने को तैयार होगा? वोट ट्रांसफर अपने आप नहीं होता। उसके लिए आपसी विश्वास और जमीनी तालमेल जरूरी है। 2017 का सपा-कांग्रेस गठबंधन इस मामले में एक सबक है, जबकि 2024 की सफलता ने एकजुटता की संभावनाएं भी दिखाई हैं।

अखिलेश यादव की पहल का सकारात्मक पक्ष यह है कि वह भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकता की जरूरत समझते हैं और जीत की संभावना को सीटों की संख्या से अधिक महत्व देने की बात करते हैं। लेकिन उन्हें यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि कांग्रेस के साथ गठबंधन बराबरी के आधार पर होगा या समाजवादी पार्टी की शर्तों पर।

कांग्रेस को भी अपनी वास्तविक राजनीतिक ताकत के आधार पर सीटों की मांग करनी चाहिए। केवल अधिक सीटें मांगना समझदारी नहीं, लेकिन सपा की ओर से तय की गई सीमा को बिना सवाल स्वीकार करना भी उचित नहीं होगा।

अंततः अखिलेश यादव के लेख का सबसे बड़ा सवाल सीटों की संख्या नहीं, बल्कि गठबंधन में अधिकार और सम्मान का है। यदि कांग्रेस और सपा वास्तव में भाजपा को चुनौती देना चाहती हैं तो दोनों को एक-दूसरे की राजनीतिक हैसियत स्वीकार करनी होगी। उम्मीदवारों का चयन, सीटों का समायोजन और चुनावी रणनीति किसी एक दल की इच्छा से नहीं, साझा सहमति से तय होनी चाहिए।

अखिलेश यादव को यह नहीं भूलना चाहिए कि कांग्रेस गठबंधन की साझेदार है, अधीनस्थ पार्टी नहीं। बात सीट की नहीं, जीत की है तो निर्णय का अधिकार भी दोनों दलों का बराबर होना चाहिए।

अभी-अभी

ਪੰਜਾਬੀ ਖ਼ਬਰਾਂ

Horoscope

Weather

और पढ़ें

हिंदी खबर