फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के उत्तरी करनडीह ग्राम पंचायत क्षेत्र में जलजमाव एवं नाली की समस्या को लेकर क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से मुलाकात कर आवेदन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने समस्या का शीघ्र समाधान करते हुए आवश्यक स्थानों पर नाली निर्माण एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बारिश के दौरान पंचायत क्षेत्र के कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रतिनिधिमंडल ने समस्या वाले स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार नाली निर्माण कराने और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में मुखिया सरस्वती टुडू, सिनी सोरेन, मानिक मलिक, शंकर हेंब्रम, शंकु हसदा, राजेश राय, अशोक, संजय एवं आदिल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
जलजमाव से ग्रामीण लंबे समय से परेशान : मानिक मलिक
प्रतिनिधिमंडल में शामिल मानिक मलिक ने कहा कि जलजमाव की समस्या से स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं। बारिश के दौरान लोगों को आने-जाने में काफी कठिनाई होती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को स्थल का निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर नाली निर्माण एवं जल निकासी की व्यवस्था करनी चाहिए। समस्या का स्थायी समाधान होने से क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि बरसात को देखते हुए जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाए, ताकि ग्रामीणों को जलजमाव और आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।









































