पूजा स्थल पर बनेगी गणेश प्रतिमा, भव्य पंडाल निर्माण के लिए बंगाल से आएंगे कारीगर
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में छोटा गोविंदपुर स्थित एलआईजी ग्राउंड में आगामी गणेश चतुर्थी महोत्सव को लेकर तीनतल्ला बॉयज़ कमेटी ने विधिवत भूमि पूजन किया। मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ आयोजित कार्यक्रम के साथ ही पूजा की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हो गया।

भूमि पूजन में धार्मिक न्यास बोर्ड, झारखंड सरकार के सदस्य जम्मी भास्कर, शिक्षक संजीव पॉल और युवा समाजसेवी शशि सिंह यजमान के रूप में शामिल हुए। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कमलेश सिंह, राकेश सिंह समेत कमेटी के सदस्य एवं क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शशि सिंह ने बताया कि इस वर्ष गणेश प्रतिमा का निर्माण पूजा स्थल पर ही कराया जाएगा, जबकि भव्य एवं आकर्षक पंडाल के निर्माण के लिए विशेष रूप से बंगाल से कुशल कारीगर बुलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आयोजन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
कमेटी ने पूजा स्थल की सजावट, विद्युत व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और प्रसाद वितरण समेत अन्य तैयारियां शुरू कर दी हैं। अतिथियों ने आयोजन को शांतिपूर्ण, अनुशासित और भव्य बनाने की अपील की।









































