चेतना मार्च की सफलता पर सहयोगियों व समाजसेवियों का सम्मान, 500 श्रद्धालुओं का जत्था लौटा सकुशल
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के नामदा बस्ती स्थित गुरुद्वारा साहिब में रंगरेटा महासभा एवं नामदा बस्ती गुरुद्वारा कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में शुकराना अरदास एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब की तीर्थयात्रा के सकुशल संपन्न होने तथा शिरोमणि शहीद बाबा जीवन सिंह जी के प्रकाश दिहाड़े पर आयोजित चेतना मार्च की सफलता के उपलक्ष्य में हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरु महाराज के चरणों में शुकराना अरदास से हुई। बड़ी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होकर गुरु साहिब का आभार व्यक्त किया। इस दौरान संगत ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी चेतना मार्च में पूरी श्रद्धा, उत्साह और समर्पण के साथ भाग लिया जाएगा।
यात्रा में सहयोग करने वालों का सम्मान
रंगरेटा महासभा के बैनर तले 2 सितंबर को तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब के दर्शन के लिए रवाना हुआ करीब 500 श्रद्धालुओं का जत्था सकुशल वापस लौटा। यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले विभिन्न संस्थाओं, समाजसेवियों एवं सेवाभावियों को गुरुद्वारा साहिब में सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं के लिए लंगर की उत्कृष्ट व्यवस्था करने के लिए सरदार शैलेंद्र सिंह के दामाद सतबीर सिंह गोल्डी, पूजा कौर एवं दयालबंद गुरुद्वारा कमेटी को सम्मानित किया गया। उनकी अनुपस्थिति में सम्मान सरदार शैलेंद्र सिंह ने प्राप्त किया। इसके अलावा सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी), सेंट्रल स्त्री सभा के पदाधिकारियों एवं अन्य समाजसेवियों को भी उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
आने वाले वर्षों में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद : मनजीत सिंह गिल
रंगरेटा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह गिल ने यात्रा में सहयोग करने वाली सभी संस्थाओं एवं संगत के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि गुरु महाराज की असीम कृपा से हर वर्ष धार्मिक यात्राओं में संगत की भागीदारी बढ़ रही है। इस वर्ष करीब 500 श्रद्धालुओं ने हजूर साहिब यात्रा में शामिल होकर नई मिसाल कायम की है। आने वाले वर्षों में यह संख्या हजारों तक पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि महासभा की ओर से तीर्थयात्रियों के रहने, खाने-पीने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का ध्यान रखा जाता है। गुरु घर की सेवा और संगत की देखभाल करना महासभा के लिए सौभाग्य की बात है।
महासभा के प्रयास सराहनीय : शैलेंद्र सिंह
समारोह में शामिल सीजीपीसी के चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह ने रंगरेटा महासभा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महासभा हर वर्ष श्रद्धालुओं को ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन कराने के साथ धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। श्रद्धालुओं की यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाएं सराहनीय हैं।
सीजीपीसी के पूर्व प्रधान गुरमुख सिंह मुखे ने कहा कि आने वाले समय में शिरोमणि शहीद बाबा जीवन सिंह जी के प्रकाश दिहाड़े पर आयोजित चेतना मार्च और धार्मिक यात्राओं में शामिल होने वाली संगत को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन नामदा बस्ती गुरुद्वारा के प्रधान दलजीत सिंह ने किया। इस अवसर पर सरदार शैलेंद्र सिंह, दलजीत सिंह, गुरमुख सिंह मुखे, त्रिलोक सिंह, जसवीर सिंह पदरी, गुरदीप सिंह काके, रणजीत सिंह, साहब सिंह, सोनी, गुरदयाल सिंह मनवाल, सेंट्रल स्त्री सभा की चेयरमैन कमलजीत कौर, बलविंदर कौर, आशा कौर, जसवीर कौर, किरण कौर, बलजीत कौर, पाली कौर, किरणदीप कौर, चरणजीत कौर, रिंकी कौर, इंद्रजीत कौर, राज कौर, रामजीत कौर सहित बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।




































